देश के कई हिस्सों में सक्रिय हुआ मानसून अब दिल्ली और आसपास के राज्यों में भी पहुंच गया है। इससे मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य बना हुआ है और बादल छाए हुए हैं। इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बीच-बीच में कई बार बारिश हो जाने से मौसम ठंडा हो गया है। हालांकि लगातार बारिश नहीं होने से उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। अब लोगों को इससे निजात मिलने की संभावना है।
रात के तापमान में आएगी और गिरावट
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली, यूपी, बिहार में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 जुलाई से दिल्ली और एनसीआर में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। 8 और 9 जुलाई को तेज बारिश होगी। इसके साथ मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद लगातार हल्की से तेज बारिश होती रहेगी। इसके साथ ही रात के तापमान में और गिरावट होने की भी संभावना है।
10 जुलाई तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और 8 जुलाई को ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। ओडिशा में मौसम नम बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक समुद्र तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इस बीच बिहार के अररिया, सुपौल, मधुबनी, कटिहार और किशनगंज में रविवार को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के दूसरे शहरों में भी बारिश होती रहेगी। बारिश से राज्य की कई नदियों में बाढ़ आने की भी संभावना है। इसके साथ भूगर्भ का जलस्तर भी बढ़ेगा।
अगले 2 दिनों के दौरान उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और बिहार में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक तेज बारिश होने की संभावना है। आज से 10 जुलाई तक उत्तर-पश्चिम भारत, प्रायद्वीपीय भारत के पश्चिमी भागों में और अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। उत्तराखंड में कई जगह पहाड़ टूटने और जमीन धंसने की घटनाओं से लोगों को काफी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है।