रेलवे कमाई बढ़ाने के लिए नए स्रोत ढूंढ़ रहा है। इसी कड़ी में आर्थिक स्थिति ठीक करने लिए सेफ्टी सेस लगाने पर विचार किया जा रहा है। रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने मंगलवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। इसके चलते आगामी समय में रेल किराया बढ़ सकता है। लोकसभा में रेल बजट पर चर्चा के दौरान प्रभु ने बताया,’मैंने एक लाख करोड़ रुपये का सेफ्टी फंड(राष्ट्रीय रेल संरक्षण कोष) बनाने को एलान किया है। हमने यह प्रस्ताव वित्त मंत्रालय के सामने भी रखा है। हम सुरक्षा सरचार्ज के रूप में इसके लिए धन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।’
सुरेश प्रभु ने राजस्व उगाही बढ़ने पर अपने मंत्रालय की तारीफ की। उन्होंने इस कदम को लंबी यात्रा की शुरुआत बताया। प्रभु ने कहा,’रेलवे के पुनर्गठन और नवीनीकरण के लिए 2030 तक का प्लान बनाया जा रहा है। सभी राज्यों, सांसदों और स्टेकहोल्डर्स से इस प्लान के बारे में राय ली जाएगी।’ प्रभु ने महंगी बुलेट ट्रेन को चलाने के प्रस्ताव का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि सरकार जापान से 50 साल तक के लिए 0.1 प्रतिशत ब्याज पर एक लाख करोड़ की रकम लेने में सफल रही है। जापान से मिलने वाली तकनीक से देश में रेलवे की हालत में सुधार होगा।
Read Also: मुंबई To अहमदाबाद: ठाणे के पास समुद्र के अंदर से गुजरेगी बुलेट ट्रेन
सदन में चर्चा के दौरान सुरेश प्रभु ने जापान के साथ बुलेट ट्रेन का एमओयू करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश में रेलगाडि़यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए पटरियों पर बोझ कम किया जा रहा है और बाधाओं को दूर किया जा रहा है। आम आदमी को बुलेट ट्रेन से दिक्कत नहीं आएगी। हम पैंसेजर गाडि़यों की भी स्पीड बढ़ा रहे हैं।
Read Also: रोज 88 हजार से 1.18 लाख लोगों को सफर कराए तब बुलेट ट्रेन का लोन चुका पाएगी सरकार
इससे पहले बहस के दौरान कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने रेलवे की कार्यप्रणाली के मुद्दे पर सरकार को लताड़ा। उन्होंने कहा,’ सरकार लोगों को भ्रमित कर रही है। वे कह रहे हैं हम यह कर रहे हैं जबकि वास्तव में ऐसा नहीं कर रहे। वे लोगों का ध्यान भटका रहे हैं। आप लोग वास्तविक काम के बजाय मार्केटिंग में लगे हुए हैं।’
Read Also: गतिमान के बाद रेलवे की एक और सौगात, मुंबई में चलेगी 12 डिब्बों वाली AC लोकल ट्रेन


