कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को जम्मू जा रहे हैं। वह दोपहर 12 बजे के करीब जम्मू एयरपोर्ट पहुंचेंगे और इसके बाद कटरा जाएंगे। कटड़ा से पैदल चलकर वह माँ वैष्णो देवी के दर्शन करने जाएंगे। कार्यक्रम के मुताबिक वह आज रात 12 बजे तक माता वैष्णो देवी के भवन पहुंच जाएंगे और दर्शन करने के बाद मंदिर परिसर में ही रुकेंगे।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने एएनआई को बताया कि राहुल गांधी का माता वैष्णो देवी में गहरा विश्वास है और वह कई वर्षों से यहां आने की योजना बना रहे थे। मीर ने कहा, ‘हम इस बारे में पिछले तीन साल से उनसे पूछ रहे थे। वह आना भी चाहते थे लेकिन कभी राजनीतिक कारणों से तो कभी अन्य वजहों से उनका आना नहीं हो पाया।’
उन्होंने कहा, ‘अब स्थितियां ठीक हो रही हैं। पिछले महीने वह श्रीनगर गए थे और अब जम्मू आ रहे हैं। सबसे पहले वह माता वैष्णो देवी के मंदिर में जाकर दर्शन करेंगे।’ उन्होंने यह भी बताया कि कई नेता चॉपर या घोड़े से माता के दर्शन करने जाएंगे लेकिन राहुल गांधी ने पैदल यात्रा करने का विचार बनाया है। अगले दिन वह पैदल ही वापस लौटेंगे। दौरे के पहले दिन उनका कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं शेड्यूल किया गया है।
इसे लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर तंज कसा है और कहा है कि माता वैष्णो देवी के दर्शन करने की राहुल गांधी की योजना केवल ‘टोकन हिंदुत्व’ है। बता दें कि राहुल गांधी इस बार लद्दाख भी जा सकते हैं। इसके अलावा उनके और भी कई राजनीतिक कार्यक्रम निश्चित हैं। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद यह उनका दूसरा दौरा है।
पिछले दिनों जब वह श्रीनगर गए थे तो खीर भवानी के दर्शन करने भी पहुंचे थे। इसके अलावा वह हजरत दरगाह शरीफ भी गए थे। पिछले दौरे में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर के बेटी की शादी समारोह में भी शामिल हुए थे। यह उनका निजी दौरा था। उनके साथ पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और जम्मू-कश्मीर मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद थीं।