कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी राजस्थान दौरे पर हैं। दोनों नेता जयपुर में बन रहे राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए भवन का शिलान्यास करने के लिए पहुंचे हैं। वहीं इस बीच राहुल गांधी अचानक महारानी कॉलेज पहुंच गए। राहुल गांधी का महारानी कॉलेज में कोई कार्यक्रम नहीं था लेकिन अचानक उनका मन हुआ और वह महारानी गर्ल्स कॉलेज पहुंच गए। जैसे ही प्रशासन को सूचना मिली कि राहुल गांधी यहां पर आ रहे हैं, तुरंत आनन-फानन में सुरक्षा बंदोबस्त किए गए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार दोपहर महारानी कॉलेज पहुंचे और प्राचार्य ने उनका स्वागत किया। वह छात्राओं के साथ संवाद के बाद हेलमेट लगाकर एक स्कूटी पर बैठे। स्कूटी को एक युवती चला रही थी। सुरक्षा काफिले के बीच उन्होंने कुछ दूर तक स्कूटी पर सफर किया।

राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद करते हुए कांग्रेस सरकार की योजनाओं के बारे में भी जानने की कोशिश की। इसके अलावा उन्होंने छात्रों से यह जानने का प्रयास किया कि सरकार की योजनाएं लोगों तक पहुंच रही है कि नहीं पहुंच रही है। राहुल गांधी ने छात्राओं को स्कूटी वितरण योजना के तहत स्कूटी भी दिया। कई छात्राओं ने राहुल गांधी के साथ सेल्फी भी ली।

राहुल गांधी ने छात्राओं को होने वाली समस्याओं के बारे में भी पूछा। छात्राओं ने राजस्थान में छात्र संघ चुनाव पर रोक लगाने की शिकायत की। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर भी छात्राओं ने राहुल गांधी से शिकायत की। राहुल गांधी ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं के बारे में जाना।

इसके बाद एक स्कूटी पर बैठकर राहुल गांधी मानसरोवर स्थित जनसभा स्थल के लिए रवाना हो गए। एक युवती स्कूटी चला रही थी और राहुल गांधी पीछे बैठे हुए थे। दोनों ने हेलमेट भी लगा रखा था।

जयपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को राहुल गांधी ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वादा किया कि यदि केंद्र में कांग्रेस सरकार आती है तो महिला आरक्षण तत्काल दिया जाएगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश का नाम बदलना चाहती थी। वे इंडिया का नाम भारत करना चाहते थे, इसीलिए संसद का विशेष सत्र बुलाया था।