प्रसिद्ध इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी को रिटायर हो जाने की सलाह दी है। इकॉनमिक टाइम्‍स को दिए एक इंटरव्‍यू में उन्‍होंने कहा है कि आने वाले कुछ सालों में भारतीय जनता पार्टी इकलौती राष्‍ट्रीय पार्टी बनकर उभरेगी। उन्‍होंने कहा, ”कई लोग सोचते हैं कि कांग्रेस राष्‍ट्रीय राजनीति में फिर से वापसी कर सकती है। मगर मुझे लगता है कि हम भविष्‍य में भाजपा को इकलौती राष्‍ट्रीय पार्टी के तौर पर उभरते देख रहे हैं। विचारधारा की बात नहीं कर रहा मगर भाजपा की भूमिका भारतीय राजनीति में 1960 और 1970 के दशक की कांग्रेस की तरह होगी। जहां कुछ चुनौतियां जरूर होंगी- केरल में कम्‍युनिस्‍ट्स, बंगाल में तृणमूल, तमिलनाडु में द्रविडन पार्टियां, मगर भाजपा हावी रहेगी। मुझे लगता है कि अगले 15-20 साल के लिए भाजपा शासन करेगी और भारतीय राजनीति की ताकत बनी रहेगी।”

कांग्रेस की वापसी से जुड़े सवाल पर गुहा ने कहा- ”पिछले अनुभवों की तरह मुझे लगा था कि कांग्रेस वापसी कर सकती है लेकिन अब मेरी उलझन बढ़ती जा रही है। कांग्रेस के बाहर एक ईको चैंबर है, जहां यह भावना है कि गांधी परिवार बेका है। राहुल गांधी उपहास के पात्र हैं और वे लोग उनका मजाक बनाते हैं जो कांग्रेस के लिबरल व्‍यू से सहमत होते। कांग्रेस में बुद्धिजीवी और बेहद संवेदनशील नेता हैं लेकिन वे गांधियों पर बेहद निर्भर हैं। मैं इस निर्भरता को समझ नहीं पाता। कांग्रेस भले ही अगले चुनावों में एंटी इनकंबेंसी की वजह से 44 से 70 या 100 सीट पर पहुंच जाए, लेकिन वह बड़ी ताकत फिर से नहीं बन पाएंगे। राहुल गांधी को राजनीति से रिटायर हो जाना चाहिए, शादी करके परिवार बसाना चाहिए। यही उनके लिए अच्‍छा होगा, यही भारत के लिए अच्‍छा होगा।”

READ ALSO: भारतीयों को दी गालियां तो टीवी चैनल ने पाकिस्तानी एक्टर को दिखाया बाहर का रास्ता

आम आदमी पार्टी और गुजरात में दलितों की एकजुटता से जुड़े सवाल पर गुहा ने कहा कि यह सभी महत्‍वपूर्ण हैं। उन्‍होंने कहा- ”भाजपा यह नहीं सोच सकती कि कोई उससे नहीं लड़ेगा। यहां तक कि जिन लोगों ने नरेंद्र मोदी के लिए वोट किया है, वे भी उनकी बड़ी-बड़ी बातों, खोखले वादों, उनके सबसे अलग कपड़ों और मीडिया से लगाव पर टिप्‍पणी कर रहे हैं। लेकिन उनके वाला कोई ऐसा नेता नहीं है जिसके आस-पास समर्थन जुट सके। पहले लोगों को लगा कि नीतीश कुमार और अरविंद केजरीवाल विकल्‍प बन सकते हैं, लेकिन उन्‍होंने निराश किया है।”