कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्वामी अग्निवेश के साथ भाजपा शासित राज्य झारखंड में मारपीट की घटना को लेकर बीजेपी व पीएम मोदी पर निशाना साधा है। पहले उन्होंने इस घटना का वीडियो शेयर किया और साथ ही एक पहेली पूछी है। उन्होंने ट्वीट किया, ” मैं लाइन में सबसे शक्तिशाली के सामने झुक जाता हूं। एक व्यक्ति की शक्ति और सत्ता मेरे लिए महत्वूर्ण है। मैं सत्ता में बने रहने के लिए घृणा और भय का उपयोग करता हूं। मैं कमजोर लोगों की तलाश करता हूं और उन्हें कुचल देता हूं। मैं सभी जीवित प्राणियों को अपनी उपयोगिता के अनुसार महत्व देता हूं। बताओ मैं कौन हूं?”
Pop Quiz
I bow to the most powerful in the line. A person’s strength & power are all that are important to me.
I use hatred & fear to maintain the hierarchy of power. I seek out the weakest & crush them.
I rank all living beings based on their usefulness to me.
Who am I? pic.twitter.com/y7jw49Hei7
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 18, 2018
इस ट्वीट के माध्यम से राहुल गांधी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके लिए सत्ता सबसे महत्वपूर्ण है। सत्ता में बने रहने के लिए वे घृणा और भय का माहौल बनाते रहते हैं। अपनी उपयोगिता के अनुसार ही लोगों को महत्व देते हैं। साथ ही कांग्रेय अध्यक्ष ने उन कार्यकर्ताओं पर भी निशाना साधा, जिन्होंने स्वामी अग्निवेश पर हमला किया। कहा कि वे एक व्यक्ति को सत्ता में बनाये रखने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। कमजोर को कुचलने का प्रयास करते हैं। उपयोगिता अनुसार जीवित प्राणियों के उपयोग की बात कह राहुल गांधी ने गौ रक्षा के नाम पर की जा रही गुंडागर्दी पर तंज किया है। राहुल गांधी के इस ट्वीट पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी रिट्वीट कर पलटवार किया है। पात्रा ने एक कविता के माध्यम से तंज किया कि गुजरे हुए वक्त का बिता तराना हूं मैं, 2018 में जनेऊधारी था, और अब मौलाना हूं मैंं।
बता दें कि मंगलवार को झारखंड के पाकुड़ में विवादित सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश की भाजपा के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने चप्पल, जूता, रॉड व घूसों से पिटाई की थी। उनके कपड़े तक फाड़ दिए थे और काला झंडा दिखाया था। स्वामी वापस जाओ के नारे भी लगए थे। हालांकि, भाजपा ने यह सफाई दी है कि मारपीट करने वाले उनके कार्यकर्ता नहीं थे। वहीं, इस घटना से स्वामी अग्निवेश काफी आहत हैं। कहा कि मैं समझता था कि झारखंड शांतिपूर्ण राज्य है, लेकिन इस घटना के बाद मेरे विचार बदल गए हैं। पूरे मामले पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस ने भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।