भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर बेटे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें याद किया है। उनकी तरफ से आज रविवार को पेंगोंग झील पर ही उन्हें पुष्प अर्पित किए जाएंगे। एक ट्वीट कर उन्होंने बताया है कि वे भारत मां की आवाज को सुन रहे हैं, उन सपनों को समझ रहे हैं जो राजीव गांधी ने देश के लिए देखे थे।

राहुल ने ट्वीट कर लिखा कि पापा, आपकी आंखों में भारत के लिए जो सपने थे, इन अनमोल यादों से छलकते हैं। आपके निशान मेरा रास्ता हैं – हर हिंदुस्तानी के संघर्षों और सपनों को समझ रहा हूं, भारत मां की आवाज़ सुन रहा हूं। ट्वीट के अलावा राहुल ने खुद पेंगोंग झील पर राजीव गांधी की एक बड़ी तस्वीर लगा उस पर पुष्प अर्पित किए। उसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता साथ में पूर्व पीएम को याद कर रहे हैं।

अब अगर राहुल ने लद्दाख की धरती से राजीव गांधी को याद किया तो सोनिया गांधी ने भी दिल्ली में वीर भूमि पर जा उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी वहां मौजूद रहे। हर साल इस तारीख पर ऐसे ही कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता इकट्ठा होते हैं, उनकी तरफ से राजीव गांधी को याद किया जाता है, उनके सिद्धांतों को पूरा करने पर जोर रहता है।

राहुल गांधी तो कई मौकों पर अपने पिता को याद कर भावुक हो चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी उन्होंने दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी को याद किया था। उनकी तरफ से कहा गया था कि दोनों ने इस देश के लिए अपनी शहादत दी।