Rahul Gandhi Lashes Himself in Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 57वां दिन है। मौजूदा समय ये यात्रा तेलंगाना में है जहां राहुल गांधी इस यात्रा का नेतृत्व करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राहुल गांधी एक भारी रस्सी के बने कोड़े को अपनी ही पीठ पर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये बात सुनने में जरूर अटपटी लग रही है कि राहुल गांधी खुद को ही कोड़े मार रहे थे लेकिन इसके पीछे की वजह क्या आइए आपको बताते हैं।
दरअसल तेलंगाना में एक पारंपरिक मॉनसून उत्सव मनाया जाता है जिसे बोनालु कहते हैं। इस उत्सव में स्थानीय युवक अपने शरीर पर हल्दी और चंदन का लेप लगाते हैं और चेहरे पर गाढ़ा लाल पेंट करते हैं, आंखों में काजल, पैरों में पायल बांधते हैं और अपने मुंह में गालों के बगल में नींबू दबा लेते हैं। लोगों को चाबुक मारने के लिए दो भारी रस्सियां उठाते हैं और अपनी जीभ बाहर निकालते हैं, इन्हें पोथाराजस कहा जाता है। राहुल गांधी के हाथों में दिख रहा चाबुक भी इसी उत्सव का हिस्सा है।
जानिए क्या है बोनालु उत्सव
बोनालु उत्सव के दौरान, महिलाएं ‘पोथराजस’ के नेतृत्व में मंदिरों में जुलूस में जाती हैं, जो हिंसक रूप से ढोल की थाप पर नाचती हैं और भीड़ पर कोड़े बरसाती हैं। पोथराजस को सात बहनों का भाई माना जाता है ये हिन्दू देवी महाकाली के विभिन्न रूपों में से एक होता है। इसमें बोनालू एक प्रमुख व्यक्ति होता है जो देवी महाकाली का भाई होता है और देवी की रक्षा के लिए चाबुक चलाता है।
तेलंगाना की 19 विधानसभा और 7 लोकसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी यात्रा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले तेलंगाना राज्य में कुल 375 किलोमीटर की दूरी तक फैले 19 विधानसभा क्षेत्रों और 7 संसदीय क्षेत्रों को कवर करेगी। तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा 4 नवंबर को एक दिन का ब्रेक लेगी। राहुल गांधी राज्य में पार्टी के प्रचार के दौरान बुद्धिजीवियों, विभिन्न समुदायों के नेताओं से मिलते रहे हैं, जिनमें खेल, व्यवसाय और मनोरंजन क्षेत्र की हस्तियां शामिल हैं। भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।