Lord Rama Controversy: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद (Salman Khurshid) के राहुल गांधी को भगवान राम बताने के बयान पर मचे बवाल के बाद उन्होंने इस मामले में सफाई दी है। सलमान खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भगवान राम नहीं हैं, लेकिन वे भगवान राम के दिखाए रास्ते पर चल सकते हैं। BJP कह रही है कि आपको इस पर चलने का अधिकार नहीं है। हमें इस पर आपत्ति है क्योंकि वे राम के बजाय रावण के रास्ते पर चल रहे हैं।

Rahul Gandhi को कहा था भगवान राम

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार को दिए बयान के बाद कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद सुर्खियों में आ गए हैं। दरअसल, उन्होंने राहुल गांधी को भगवान राम की उपाधि दी थी, साथ ही खुर्शीद ने कांग्रेसियों को भी भरत की संज्ञा दी थी।

भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को लेकर प्रेस वार्ता के दौरान सलमान खुर्शीद ने कहा था, “भगवान राम की खड़ाऊं बहुत दूर तक जाती है। कभी-कभी खड़ाऊं लेकर भी चलना पड़ता है। हमेशा भगवान राम हर जगह नहीं पहुंच पाते हैं। उनके भाई भरत जी उनकी खड़ाऊं लेकर चलते हैं। खड़ाऊं लेकर हम उत्तर प्रदेश में पहुंच गए हैं। अब रामजी भी पहुंचेंगे। यह हमारा विश्वास है।”

सलमान खुर्शीद ने कहा था कि राहुल गांधी सुपर ह्यूमन हैं। राहुल जितने दिन से चल रहे हैं और जिस तरह से हम सब उनके साथ पीछे-पीछे चल रहे हैं, उससे यह मानकर चलते हैं कि वह सुपर ह्यूमन हैं। जब राहुल ने कह दिया कि मैं अब तपस्या कर रहा हूं, तो फिर और कुछ कहना ही बेकार है।

BJP ने बोला हमला

वहीं, दूसरी ओर खुर्शीद के बयान की आलोचना करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि चाहे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हों या सलमान खुर्शीद या कांग्रेस के कोई अन्य नेता ये सभी महापरिक्रमावादी हैं। इन्हें गांधी-नेहरू परिवार के अलावा कोई और नजर नहीं आता। चुग ने कटाक्ष करते हुए कहा कि शुक्र है कि भगवान राम को काल्पनिक कथा और कहानी बताने वाले और अयोध्या में बाबरी मस्जिद दोबारा बनाने का बयान देने वाले कांग्रेस और कांग्रेसी नेताओं को अब भगवान राम की याद तो आई।