Rahul Gandhi Helps Co-Passengers in Flight: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड के कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी विमान में अपने सहयात्रियों की मदद करते हुए दिखाई दिए। राहुल गांधी की वो तस्वीरें जिसमें वो अपने साथ यात्रा कर रहे लोगों की मदद कर रहे हैं सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। मध्य प्रदेश के युवा कांग्रेस नेता अमन दुबे ने राहुल गांधी की ये तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की हैं। दरअसल ये तस्वीर राहुल गांधी की अहमदाबाद जाने वाली उड़ान की है जिसमें वो अपने एक सह यात्री की मदद करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कांग्रेस नेता अमन दुबे ने इस बात का दावा किया है कि ये तस्वीर सोमवार को ली गई थी जब राहुल गांधी अहमदाबाद के लिए उड़ान भर रहे थे। इस उड़ान के दौरान एक महिला यात्री को अपना सामान रखने में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा जिसके लिए राहुल गांधी अपनी सीट से उठकर आए और उसकी मदद की। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में राहुल गांधी उस महिला का सामान धकेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

मध्य प्रदेश के युवा कांग्रेस नेता ने किया ट्वीट

मध्य प्रदेश के युवा कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया,”यह एक संयोग की बात थी कि मैं भी उसी फ्लाइट में था जिसमें राहुल गांधी अहमदाबाद के लिए उड़ान भर रहे थे। एक महिला यात्री को अपना सामान रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, राहुल गांधी ने उसकी मदद की। उन्होंने बताया कि बाद में मैं राहुल जी से मिला। उनका सादा जीवन हमें प्रेरित करता है।”

Social Media Users ने किए कमेंट्स

सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने उनकी प्रशंसा की तो कुछ यूजर्स ने सवाल भी उठाए कि जब प्लेन में एयर होस्टेस होती हैं तो फिर राहुल गांधी को सामान रखने की जरूरत क्यों पड़ी। वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ये भी इशारा किया कि राहुल गांधी ने मास्क नहीं लगा रखा था। राहुल गांधी ने सोमवार को अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी जहां उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के कांग्रेस के अभियान की शुरुआत की। ये यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू होगी।

ऐसा रहेगा भारत जोड़ो यात्रा का कार्यक्रम

इस यात्रा को कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित किया जा रहा है। ये देश का सबसे बड़ा पैदल मार्च होगा जिसमें राहुल गांधी 100 से अधिक कांग्रेस नेताओं के साथ आने वाले पांच महीनों में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करते हुए 3,570 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। बुधवार को राहुल गांधी सबसे पहले श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी के स्मारक पर प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। इस अभियान की यात्रा बुधवार को रैली के साथ ही शुरू होगी, लेकिन पैदल यात्रा 8 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू होगा। यात्रा के दौरान, प्रतिभागी सड़क पर खाएंगे और सोएंगे और अपनी रातें 59 कंटेनरों में ट्रकों पर बिताएंगे। उन्हें शहरों में तीन दिन में एक बार लॉन्ड्री की सुविधा मिलेगी।