कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान आज मेघालय से एक बार फिर असम में प्रवेश करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि यात्रा राज्य के सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के बाहरी इलाके से होकर गुजरेगी क्योंकि सरकार ने शहर के बीच से निकलने के लिए अनुमति नहीं दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई है। राहुल गांधी ने कहा है कि उन्हें छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा सुबह करीब 10 बजे क्वींस होटल से जिसके बाद गुवा शुरू होकर आगे बढ़ी है। राहुल गांधी का गुवहाटी में एक सार्वजनिक संबोधन होगा। यह यात्रा का दसवां दिन है जो असम के बिष्णुपुर में पूरा होगा।

क्या बोले राहुल गांधी?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बैरिकेड लगा कर रोके जाने पर कहा,”आज असम में जिस रास्ते से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकलनी है। इसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली लेकिन हमारी पदयात्रा को रोक दिया गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटा दिए हैं। इसलिए ये मत सोचिए कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कमजोर है। कांग्रेस का कार्यकर्ता बब्बर शेर है।”

क्या है आज यात्रा का कार्यक्रम

कांग्रेस द्वारा साझा किए गए कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी मेघालय के री भोई जिले के जोराबाट में एक होटल में उत्तर पूर्व कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद गुवाहाटी में छात्रों और सिविल सोसायटी के सदस्यों के साथ भी राहुल गांधी की एक चर्चा होगी। राहुल गांधी एक सार्वजनिक संबोधन देंगे और फिर यात्रा मुख्य शहर को बायपास करने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुज़रेगी। पार्टी ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें मुख्य शहर में रोड शो या पदयात्रा करने की अनुमति नहीं दी है।

राहुल गांधी गुवाहाटी से लगभग 75 किलोमीटर दूर कामरूप जिले के दमदमा में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बारपेटा जिले के गोरेमारी पेट्रोल पंप से कुकरपार तक एक ‘पदयात्रा’ होगी, जिसमें राहुल गांधी आम लोगों से मिलते दिखेंगे। जिसके बाद एक सार्वजनिक संबोधन होगा। रात्रि विश्राम बिष्णुपुर में होगा। 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

असम के मुख्यमंत्री पर हमलावर राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी यात्रा के दौरान लगातार असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंता बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट नेता कह रहे हैं। जिसके बाद बीजेपी ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया है। कांग्रेस का कहना है कि असम में यात्रा को मिल रहे प्यार से मुख्यमंत्री घबरा गए हैं।