कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मुस्लिम लीग वाले बयान पर बीजेपी हमलावर है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी मोहब्बत के बाजार में नफरत के सौदागर बन गए हैं।
हेट इंडिया कैंपेन चला रहे हैं राहुल गांधी- अनिल विज
राहुल गांधी के मुस्लिम लीग वाले बयान पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, “राहुल गांधी को शायद यह पता नहीं है कि हिंदुस्तान आजाद हो चुका है और यहां की समस्याओं का समाधान यहां की सरकार ही करेगी। राहुल गांधी लगातार हेट इंडिया कैंपेन चला रहे हैं। वे मोहब्बत के बाज़ार में नफरत के सौदागर बन गए हैं।”
अनिल विज ने आगे कहा, “आज भी राहुल गांधी अपना दर्द सुनाने के लिए विदेशों में जाते हैं। आज हम आजाद हैं, हमारी समस्याओं का समाधान विदेशियों ने नहीं करना। राहुल गांधी विदेशों में प्रायोजित कार्यक्रम में जाकर यहां की तकलीफें मिटाते हैं और हिंदुस्तान की छवि को खराब कर रहे हैं।” मंत्री विज ने कहा कि राहुल गांधी तो देश का नया इतिहास लिखना चाहते हैं। जब एक ही नाम से पार्टी है तो उसी नाम के लिए उसने काम किया, आजादी से पहले भी आजादी के बाद भी। वह कुछ अंतरराष्ट्रीय मुस्लिम नेताओं के प्रभाव के कारण इस प्रकार की बातें कर रहे हैं।
राहुल को मुस्लिम बहुल सीट वायनाड से चुनाव लड़ना है- अनुराग ठाकुर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष पार्टी बताने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं जो विभाजन के बाद यहीं रुक गए थे। उन्होंने विभाजन के बाद यहां मुस्लिम लीग का गठन किया और सांसद बने। उन्होंने शरिया कानून की वकालत की, मुसलमानों के लिए अलग सीटें आरक्षित करना चाहते थे।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, “ये वही लोग हैं जो उसी मुस्लिम लीग का हिस्सा हैं। यह राहुल गांधी और कांग्रेस है जिसे हिंदू आतंकवाद दिखता है लेकिन उसे लगता है कि मुस्लिम लीग धर्मनिरपेक्ष है।’’ ठाकुर ने कहा कि यह अपेक्षित है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुस्लिम ब्रदरहुड और मुस्लिम लीग जैसे संगठनों के पक्ष में बोलें क्योंकि अमेठी से हारने के बाद उन्हें मुस्लिम बहुल सीट वायनाड से चुनाव लड़ना है।
राहुल गांधी ने मुस्लिम लीग को कहा था धर्मनिरपेक्ष पार्टी
दरअसल, अमेरिका की यात्रा के दौरान गांधी ने वाशिंगटन में संवाददाताओं से कहा कि मुस्लिम लीग पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और इसमें कुछ भी गैर-धर्मनिरपेक्ष नहीं है। वह क्षेत्रीय पार्टी के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन के बारे में एक सवाल का जवाब दे रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि क्षेत्रीय पार्टी और जिन्ना के संगठन के बीच संबंध हैं।
राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उनका दावा उनकी बुद्धिमत्ता पर सवालिया निशान खड़ा करता है। केरल भाजपा के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के जे अल्फोंस ने कहा कि राहुल को इस तरह की टिप्पणियों के लिए माफ कर दिया जाना चाहिए क्योंकि उनकी बौद्धिक क्षमता सीमित है। वहीं, भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, ‘‘धार्मिक आधार पर भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार जिन्ना की मुस्लिम लीग, राहुल गांधी के अनुसार एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। वायनाड में स्वीकार्य बने रहना भी उनकी मजबूरी है।’’
