मध्य प्रदेश में नगर निकाय व पंचायतों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आई है राघौगढ़ नगर पालिका चुनाव से, जहां पार्टी ने 24 में से 20 वार्ड पर कब्जा किया है। नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की आरती शर्मा ने बीजेपी की मायादेवी अग्रवाल को 5 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से हराया। यहां पर पिछले 20 साल से कांग्रेस का कब्जा रहा है। गुना जिले के तहत आने वाला यह इलाका पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का गढ़ माना जाता है। यहां के वार्ड 21 से भाजपा के अमर सिंह लोधा, वार्ड नंबर 18 से कांग्रेस की गायत्री ओझा, वार्ड संख्या 19 से कांग्रेस की अनीता नामदेव, वार्ड नं. 20 से कांग्रेस की गीता राजपूत, वार्ड नं. 12 से कांग्रेस की गुड्डी बाई मीना और वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस के गौरव राजपूत जीते। भाजपा ने 24 में से सिर्फ 4 सीटें जीतीं। यहां प्रचार करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी प्रचार किया था, मगर उसका असर देखने को नहीं मिला। प्रचार के समय शिवराज की सभा के बाद कांग्रेस-भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प की खबरें भी आई थीं। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने भी प्रचार किया था। वहीं, कांग्रेस ने विधायक जयवर्द्धन सिंह से खूब प्रचार कराया।
मध्य प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतों के आम व उपचुनाव के लिए 17 जनवरी को मतदान हुआ था। नगर निकायों में धार जिले की नगर पालिका परिषद धार, मनावर और पीथमपुर, नगर परिषद सरदारपुर, राजगढ़, धरमपुरी, धामनोद, कुक्षी और डही। बड़वानी जिले में नगर पालिका परिषद बड़वानी, सेंधवा, नगर परिषद पानसेमल, खेतिया, पलसूद, अंजड़ और राजपुर। खण्डवा जिले में ओंकारेश्वर नगर परिषद, गुना जिले में राघौगढ़, विजयपुर और अनूपपुर जिले के जैतहरी नगर परिषद में आम निर्वाचन के लिए मतदान हुआ था।
वहीं, भिंड जिले की नगर परिषद अकोड़ा, देवास जिले की नगर परिषद करनावद और राजगढ़ जिले की नगर परिषद खिलचीपुर में अध्यक्ष को अपने पद से वापस बुलाने के लिए मतदाताओं ने मतदान किया था। रीवा जिले की नगर परिषद सेमरिया के अध्यक्ष पद और कई स्थानों पर पार्षद के उपचुनाव के लिए मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
इसके साथ ही 7,035 पंचों, 168 सरपंचों, 17 जनपद पंचायत सदस्यों और तीन जिला पंचायत सदस्यों के लिए भी आम तथा उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था।