अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों की तरफ से तैयारी तेज हो गयी है। पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप आज दिल्ली के सीएम और पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इस अवसर पर केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में कोई सिख ही सीएम पद का उम्मीदवार होगा। इधर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में हैं, कांग्रेस पार्टी में सुलह का प्रयास जारी हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब बहुत बुरे दौर से गुजर रहा है। जब पूरा पंजाब कोरोना से परेशान था, तब यहां के सत्ताधारी पार्टी के नेता कुर्सी के लिए लड़ रहे थे। पंजाब में एक और पार्टी है जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हुए हैं। तो पंजाब में लोगों की समस्याओं का कौन समाधान निकालेगा। कुंवर विजय प्रताप का पार्टी में स्वागत करते हुए केजरीवाल ने कहा कि विजय प्रताप राजनीतिज्ञ नहीं हैं। उन्हें ‘आम आदमी का पुलिसवाला’ कहा जाता था। हम सब यहां देश की सेवा करने के लिए हैं। इसी भावना के साथ वह आज पार्टी में शामिल हुए हैं।

कौन हैं कुंवर विजय प्रताप? पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने बरगाड़ी कांड में न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाया था। बाद में अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। वो कोटकपूरा गोलिकांड मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम के वरिष्ठ सदस्य भी रहे थे। पिछले कुछ समय से उनके राजनीति में आने की चर्चाएं हो रही थी।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शुरू में कुंवर विजय प्रताप सिंह का इस्तीफा स्वीकार करने से इनकार कर दिया था, जो 2029 में सेवानिवृत्त होते लेकिन जब पूर्व आईजी रैंक के अधिकारी अपने रुख पर कायम रहे तो मुख्यमंत्री ने समय से पहले सेवानिवृत्ति का आग्रह स्वीकार कर लिया था।

गुजरात में 400 कार्यकर्ता AAP में शामिल: इधर गुजरात में 400 बीजेपी कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी मे शामिल हो गये। हाल के दिनों में राज्य में आम आदमी पार्टी की तरफ से सक्रियता बढ़ा दी गयी है। कुछ ही दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी गुजरात का दौरा किया था।