पंजाब में अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए राज्य की पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए हुए हैं। राज्य में विभिन्न जगहों से अब तक 120 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पंजाब के IGP सुखचैन सिंह गिल ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि राज्य में शांति है और हालात स्थिर हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में लॉ एंड ऑर्डर से संबंधित कोई समस्या नहीं है।
IGP ने यह भी बताया कि अमृतपाल सिंह अभी भी फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए हर प्रयास कर रही है। अमृतपाल को लेकर कई अफवाहें भी उड़ाई जा रही हैं। पंजाब पुलिस यह स्पष्ट करना चाहती है कि अभी अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी बाकी है और उसे पकड़ने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि जिन पांच लोगों को गिरफ्तार कर असम के डिब्रूगढ़ भेजा गया है उनके खिलाफ NSA लगाई गई है। उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ भेजे गए लोगों के नाम दलजीत सिंह खलसी, बसंत सिंह, गुरमीत सिंह भूखेनवाला और भगवंत सिंह हैं। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह के अंकल हरजीत सिंह को भी डिब्रूगढ़ भेजा जा रहा है।
अमृतपाल सिंह के संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े लोगों पर एक्शन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ‘वारिस पंजाब दे’ के कुछ तत्वों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि इन लोगों खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने रविवार को बताया था कि उसने अमृतपाल और उसके समर्थकों के खिलाफ जालंधर में पुलिस नाका तोड़ने और एक गांव में एक वाहन से हथियार बरामद होने के मामले में FIR दर्ज की है।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने भी जिले में अमृतपाल सिंह के सात सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद शस्त्र अधिनियम के तहत शनिवार रात एक और प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने आगाह किया है अफवाह फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि वे विभिन्न देशों, राज्यों और शहरों से फर्जी खबरों और नफरत फैलाने वाले भाषणों पर नजर रख रहे हैं।
मंगलवार दोपहर तक इंटरनेट बंद- इससे पहले आज राज्य सरकार ने मोबाइल इंटरनेट और SMS सेवाओं पर रोक मंगलवार दोपहर तक के लिए बढ़ा दी। पंजाब सरकार ने सबसे पहले शनिवार को रविवार दोपहर तक इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर रोक लगाई थी। इसके बाद इसे सोमवार दोपहर तक बढ़ाया गया था।
गृह विभाग तथा न्याय विभाग की ओर से सोमवार को जारी किए गए आदेश के अनुसार, “यह निर्देश दिया जाता है कि सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं और मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली वॉयस कॉल के अलावा सभी डोंगल सेवाएं पंजाब में 20 मार्च से 21 मार्च (दोपहर 12 बजे) तक सार्वजनिक सुरक्षा के हित में, किसी भी तरह की हिंसा को रोकने, शांति तथा सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए निलंबित कर दी जाएं।