पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब में आप-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बयान दिया है। प्रदेश प्रमुख ने कहा है कि 2024 के आम चुनाव से पहले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के साथ हम कोई गठबंधन नहीं चाहते हैं और इस तरह का निर्देश भी हमें आलाकमान की ओर से नहीं मिला है।
राजा वड़िंग ने मीडिया से बात करे हुए कहा, “फिलहाल हमें सभी 13 लोकसभा सीटों पर तैयारी करने के लिए कहा गया है और उम्मीदवारों के नाम देने के लिए कहा गया है।” उन्होंने आगे कहा, “हाईकमान सर्वोच्च है और वह हमेशा हामारी सुनते हैं और फैसला लेते हैं।”
पंजाब कांग्रेस के नेताओं की बैठक में क्या हुआ?
पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य में राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस जिला अध्यक्षों, विधायकों और अन्य नेताओं के साथ कई बैठक की।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में नेताओं ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए आप के साथ किसी भी गठबंधन का विरोध किया और आलाकमान को इससे अवगत कराए जाने पर भी बात हुई।
बैठक में राजा वड़िंग और बाजवा के अलावा पूर्व मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा, भारत भूषण आशु, साधु सिंह धर्मसोत, विधायक राज कुमार चब्बेवाल, विक्रमजीत सिंह चौधरी, बलविंदर सिंह धालीवाल, अरुणा चौधरी और सांसद मोहम्मद सादिक सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।
AAP ने भी किया पलटवार
आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान ने बुधवार को कहा कि पंजाब में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी का कोई गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ आप की सीटों का बंटवारा नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि आप अगला चुनाव सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करने का फैसला भगवंत मान के नेतृत्व में आप की राज्य इकाई ने लिया था।