पंजाब से सांसद सुखबीर सिंह बादल सोमवार को संसद में बजट पर चर्चा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के कामकाज के साथ ही इशारों-इशारों में अपनी पत्नी के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय के काम की भी खूब तारीफ की। जिस समय सुखबीर यह बात कह रहे थे उस दौरान उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल सदन में मौजूद थी।
सुखबीर के इशारों को समझने में संसद के सदस्यों को देर नहीं लगी। इसके बाद सदन में हंसी के ठहाके गूंज गए। इस पर चुटकी लेते हुए एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने सुखबीर बादल से मंत्री का नाम लेने का आग्रह किया। सुप्रिया ने कहा कि सांसद को मंत्री का नाम लेते हुए उन्हें उनके काम का श्रेय भी देना चाहिए।
चर्चा के दौरान सुखबीर ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकारके काम की तारीफ करते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया कि केंद्र सरकार ने खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में बहुत जबरदस्त काम किया है। सुखबीर सिंह बादल ने बजट की तारीफ करते हुए कहा कि इसमें देश के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
बादल ने एक बार फिर से चंडीगढ़ के पंजाब की राजधानी बनाने की मांग को संसद में उठाया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को पंजाब की राजधानी बनाना चाहिए क्योंकि चंडीगढ़ के केंद्रशासित प्रदेश होने से पंजाब का बहुत नुकसान हो रहा है। बादल ने कहा कि देश के अन्न भंडार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पंजाब पर केंद्र को विशेष मदद देनी चाहिए।
मालूम हो कि मालूम हो कि मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय का जिम्मा सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर के पास ही थी। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पंजाब के सहयोगी दल पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर उन्हें ही यह मंत्रालय सौंपा है।
पंजाब में भाजपा की पुरानी सहयोगी रही शिरोमणि अकाली दल ने इस बार दो सीटें जीती है। सुखबीर सिंह बादल फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं। वहीं उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल ने एक बार फिर बठिंडा लोकसभा सीट से जीत हासिल की। राज्य की 13 लोकसभा सीटों में भाजपा और शिअद को 2-2 सीट पर जीत मिली थी। जबकि कांग्रेस ने 8 सीटों पर जीत हासिल की। आम आदमी पार्टी की तरफ से भगवंत मान ने संगरूर से चुनाव जीता था।