पंजाब कांग्रेस विधायक डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। डॉ. राज कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है। जिसके बाद वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

राज कुमार चब्बेवाल ने फेसबुक पर लिखा, “आज आज आईएनसी और विधान सभा पंजाब से इस्तीफा दिया।” जिसके बाद वह चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। चर्चा है कि राज कुमार चब्बेवाल आप से लोकसभा का चुनाव भी लड़ सकते हैं। राज कुमार पंजाब की चब्बेवाल विधानसभा सीट से विधायक हैं। चब्बेवाल ने पत्र लिखकर कांग्रेस की प्राइमरी सदस्यता से भी नाता तोड़ दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस के प्रधान को भेज दिया है।

आप में हुए शामिल

आम आदमी पार्टी पंजाब ने भी ट्विटर पर लिखा, “AAP पंजाब का परिवार मजबूत हुआ। होशियारपुर जिले के चब्बेवाल निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधायक। राजकुमार चब्बेवाल सीएम भगवंत मान की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। डॉ चब्बेवाल पार्टी में आपका स्वागत है।”

राज कुमार चब्बेवाल पंजाब विधानसभा में विपक्ष के उपनेता हैं और उनके होशियारपुर सीट से उम्मीदवार होने की संभावना है। डॉ. राजकुमार की पिछले हफ्ते ही विधानसभा में मुख्यमंत्री के साथ झड़प भी हो गई थी। वह मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेसी विधायकों को सांगली डालकर बांधने वाली टिप्पणी से नाराज थे और अगले दिन खुद भी सांगली लेकर विधानसभा पहुंचे थे।

होशियारपुर से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था

पंजाब के दोआबा क्षेत्र से आने वाले दलित नेता राज कुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस के टिकट पर होशियारपुर से 2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि भाजपा के सोम प्रकाश ने उन्‍हें मात दे दी थी। उन्होंने 2009 में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। 2017 में उन्हें पहली बार टिकट मिला था।वहीं बस्सी पठाना से कांग्रेस के पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी भी हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। वहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुकी हैं।