पंजाब विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत पाने के बाद आम आदमी पार्टी की नजर गुजरात चुनाव जीतने पर है। बता दें कि इस साल के अंत तक गुजरात विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में पंजाब के सीएम भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अहमदाबाद में रोड शो किया। दोनों ने अहमदाबाद में खोदियार मंदिर से सरदार पटेल चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए गुजरात में भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कही। उन्होंने कहा, “दिल्ली में कोई पैसे मांगता है तो कहते हैं केजरीवाल आ जाएगा। पंजाब में कोई पैसे मांगता है तो कहते हैं भगवंत मान आ जाएगा। इन्होंने 10 दिन में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। गुजरात में भाजपा को 25 साल हो गए, यहां पर भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ।”
इसके अलावा पंजाब सीएम भगवंत मान ने अपने अंदाज में लोगों से कहा, “दिल्ली और पंजाब तो हो गया…” मान के इतना कहने पर सामने खड़ी भीड़ ने जोरदार शोर मचाया और उनके इशारे को समझ गई। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी मुट्ठी भींचकर आप के मजबूत होने का रिएक्शन दिया। बता दें कि भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली और पंजाब के बाद अब हम गुजरात की तैयारी कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के ये दोनों नेता शहर की दो-दिवसीय यात्रा के लिए शुक्रवार की रात यहां गुजरात पहुंचे। वहीं भाजपा शासित इस राज्य में उनकी यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जमीन तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पार्टी के विस्तार पर नजर: गौरतलब है कि दिल्ली के बाद पंजाब में पैर पसारने वाली आम आदमी पार्टी अब अन्य चुनावी राज्यों पर भी नजर रख रही है। दरअसल पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में आप ने 92 पर जीत हासिल की है। जिससे आम आदमी पार्टी में काफी उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पंजाब की जनता ने आप को पूर्ण बहुमत देकर सत्ताधारी कांग्रेस के विकल्प के तौर पर चुना है। वहीं केजरीवाल और उनकी पार्टी इस जीत से काफी उत्साहित है और अब अपने दायरे को बढ़ाने के लिए विचार कर रही है।
बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इसी साल के आखिरी तक विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आप ने इसको लेकर रणनीति बनानी शुरू कर दी है।