देश के सबसे ताकतवर सियासी परिवार की दिग्गज नेत्री और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का आज (12 जनवरी) जन्मदिन है। वह अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। साल 1972 में उनका जन्म हुआ था। प्रियंका गांधी के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी अकसर चर्चा में रहते हैं। उन दोनों की पहली मुलाकात मात्र 13 वर्ष की आयु में हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और आपस में बातचीत होने लगी। रॉबर्ट वाड्रा एक कारोबारी घराने से संबंध रखते हैं।
रॉबर्ट वाड्रा का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है। वह मुरादाबाद के रहने वाले हैं। उनके पिता पीतल के व्यवसायी थे। अब रॉबर्ट के परिवार में उनकी मां हैं। रॉबर्ट वाड्रा ने एक इंटरव्यू में बताया कि वे तब मिले जब दिल्ली के ब्रिटिश स्कूल में साथ ही पढ़ते थे। रॉबर्ट और प्रियंका का रिश्ता काफी दिनों तक लोगों से छिपा रहा।
प्रियंका ने भी एक इंटरव्यू में बताया था कि वे दोस्त की तरह ही मिलते थे और बाद में शादी का फैसला किया। रॉबर्ट के पिता और गांधी परिवार पहले शादी के लिए तैयार नहीं थे लेकिन दोनों की ज़िद की वजह से उन्हें तैयार होना पड़ा। 18 फरवरी 1997 को उनकी शादी हो गई। प्रियंका और रॉबर्ट की शादी सोनिया गांधी के 10 जनपद स्थित आवास पर हुई थी। उन दोनों के दो बच्चे हैं। बेटा रेहान और बेटी मरिया अब 20 और 18 साल के हैं।
प्रियंका गांधी ने एक इंटरव्यू में रॉबर्ट वाड्रा के बारे में कहा था, ‘जब मैं उनसे मिली तो उन्होंने मुझे अलग तरीके से ट्रीट नहीं किया। मुझे यह बहुत अच्छा लगा। उनकी सादगी मुझे पसंद आई। वह अपने तरीके से जीते हैं और कोई बात उन्हें प्रभावित नहीं करती है।’ बता दें कि बड़े राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखने की वजह से स्कूल के दिनों में भी प्रियंका की सुरक्षा व्यवस्था सख़्त रहती थी।
रॉबर्ट वाड्रा ने बताया था कि एक ही बैठक में दोनों ने एक ही बैठक में शादी की बात स्वीकार कर ली थी। वे दोनों एक दूसरे के साथ बहुत सहज महसूस करते थे। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा था कि वह निजी ज़िंदगी के बारे में ज्यादा बात करना इसलिए नहीं पसंद करते क्योंकि कई बार लोग कुछ अलग ही समझ लेते हैं।
