पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को याद करते हुए कहा कि देश के विकास में सुधार के रूप में उनको समर्पित नेता के तौर पर देखा जाएगा। मनमोहन सिंह को देश के विकास में सम्मान के साथ देखा जाता है। वह बीमारी के वक्त भी अपना दायित्व निभाते थे। उन्होंने हर क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हर दल के नेताओं के लिए हमेशा उपलब्ध रहे। वह एक विलक्षण नेता और एक नेकदिल इंसान थे।

पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता की बुद्धिमत्ता और विनम्रता की प्रशंसा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और प्रधानमंत्री के रूप में सिंह के कार्यकाल और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल के दौरान उनके बीच हुई बातचीत को याद किया। उन्होंने कांग्रेस नेता की बुद्धिमत्ता और विनम्रता की प्रशंसा की, शासन पर उनकी चर्चाओं को याद किया और उनकी बातचीत की तस्वीरें भी साझा कीं।

मोदी ने कहा, ‘‘डॉ. सिंह का निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। विभाजन के दौरान भारत आने के बाद बहुत कुछ खोने के बावजूद उन्होंने इन उपलब्धियों को हासिल किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. सिंह का जीवन भविष्य की पीढ़ियों को सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर महान ऊंचाइयों को प्राप्त किया जाए।’’

यह भी पढ़ें… ‘प्रगतिशील सोच के साथ धार्मिक आस्था का भी आदर करते थे डॉ. मनमोहन सिंह’, किताबों में बताया गया है सख्त अर्थशास्त्री और सहिष्णु नेता

पीएम मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह का जीवन उनकी ईमानदारी, सादगी का प्रतिबिंब था। वह एक प्रतिष्ठित सांसद थे। मनमोहन सिंह का जीवन हमेशा यह सबक देगा कि कैसे कोई व्यक्ति अभाव और संघर्ष से ऊपर उठकर सफलता प्राप्त कर सकता है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी।”

उन्होंने मनमोहन सिंह को “सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक बताया, जिनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा दिखाई देती थी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक सम्मानित अर्थशास्त्री बने।” उन्होंने कहा कि सिंह ने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “संसद में उनके हस्तक्षेप भी व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।”