पुलवामा हमले के बाद भारत की तरफ से किए गए हवाई हमले के बाद से राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। अब राहुल गांधी के करीबी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने बालाकोट हवाई हमले पर सवाल खड़े किए हैं।

पित्रोदा ने ट्वीट कर सवाल उठाया कि जैसा कि मैंने न्यू यॉर्क टाइम्स और अन्य न्यूजपेपर्स में पढ़ा, क्या भारत ने वास्तव में कहां हमला किया था? क्या हमने वास्तव में 300 आतंकियों को मारा था।

पित्रोदा ने कहा, आठ लोग (26/11 के आतंकी) भारत में आते हैं और हमले को अंजाम देते हैं। इसके लिए आप पूरे देश को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते हैं। मैं इस तरीके को सही नहीं मानता हूं। पित्रोदा की इस ट्वीट पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कांग्रेस अध्यक्ष के सबसे विश्वनीय सलाकार और मार्गदर्शक कांग्रेस की तरफ से भारतीय सैन्य बलों का अपमान कर पाकिस्तान नेशनल डे मनाने की शुरुआत कर दी है।

यह शर्म की बात की है। पीएम ने कहा कि विपक्ष लगातार हमारे सैन्य बलों का अपमान कर रहा है। मैं अपने देशवासियों से अपील करता हूं कि वे विपक्ष के नेताओं पर सवाल उठाएं। उन्हें बताएं कि 130 करोड़ भारतीय विपक्ष की हरकतों को न भूलेगा और ना ही उनको माफ करेगा। भारत की जनता अपने सैन्य बलों के साथ मजबूती से खड़ी है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं सैम पित्रोदा। (फोटोः इंडियन एक्सप्रेस)

इससे पहले पित्रोदा ने पुलवामा हमले पर कहा कि मैं हमले के बारे में ज्यादा नहीं जानता, ऐसा हर बार होता है। मुंबई में भी हमला हुआ। हम तब इसका जवाब दे सकते थे और अपने जहाजों को सीमा पार भेज दिया लेकिन यह सही तरीका नहीं है। मेरे अनुसार यह दुनिया के साथ संबंध रखने का यह सही तरीका नहीं है।

इसके जवाब में पीएम ने कहा कि कांग्रेस शाही राजवंश के वफादार दरबारी ने उस बात को स्वीकार कर लिया है जिसके बारे में लोगों को पहले से ही पता है। कांग्रेस आतंक से लड़ना नहीं चाहती है। यह नया भारत है। हम आतंकियों को उसी भाषा में जवाब देंगे जिस भाषा को वह समझते हैं।

मालूम हो पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा में 40 फरवरी को विस्फोटक से भरे एक वाहन को सीआरपीएफ दस्ते की बस से  टकरा दिया था। इस आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। भारत ने इसके बाद पाकिस्तान के बालाकोट में जैश के आतंकी शिविर पर हवाई हमला किया था।