Presidential Election 2022: राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग हुई। वोटिंग 10 बजे से शुरू हुई जो शाम पांच बजे तक चली। वोटिंग के दौरान कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की खबर है। गुजरात में एनसीपी, यूपी में सपा, उड़ीसा में कांग्रेस के बागियों ने मुर्मू के सपोर्ट में मतदान किया है।

राष्ट्रपति चुनाव में कुल 99.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। साथ ही देश के 11 राज्यों में 100 प्रतिशत मतदान हुआ है। छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधायकों द्वारा शत-प्रतिशत मतदान किया गया है।

मतदान खत्म होने के बाद राज्यसभा के महासचिव और मुख्य रिटर्निंग अधिकारी पीसी मोदी ने कहा- “विभिन्न राज्यों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी सोमवार शाम को सड़कों और उड़ानों के माध्यम से सील मतपेटियों के साथ दिल्ली पहुंचना शुरू कर देंगे। हवाई अड्डे से संसद भवन तक सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।”

गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने क्रॉस वोटिंग करते हुए द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से भी क्रॉस वोटिंग की खबर है। बंगाल के दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा है कि चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की है, बस औपचारिकता बाकी है। यशवंत सिन्हा ने कहा है कि अगर द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो वह एक रबर स्टाम्प राष्ट्रपति साबित होंगी।

बीजद, वाईएसआरसीपी, बसपा, अन्नाद्रमुक, टीडीपी, जद (एस), शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना और झामुमो के समर्थन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के जीतने की संभावना सबसे अधिक है और उन्हें 60 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू देश के शीर्ष संवैधानिक पद को संभालने वाली आदिवासी समुदाय की पहली महिला बन जाएंगी।

Live Updates

Presidential Election Updates: सोमवार को देश में अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान हुआ। पढ़ें हाईलाइट्स…

09:00 (IST) 18 Jul 2022
अखिलेश के सहयोगी भी कर रहें द्रौपदी मुर्मू का समर्थन

उत्तर प्रदेश में एनडीए के अलावा अन्य दलों ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है। ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और राजा भैया की जनसत्ता दल ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है।

08:54 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: आदिवासी समाज में ख़ुशी का माहौल: द्रौपदी मुर्मू

वोटिंग से एक दिन पहले एनडीए की बैठक हुई और इसमें द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपने नामांकन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज में ख़ुशी का माहौल है।

08:50 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: बीजेपी एक अपमानित पार्टी: यशवंत सिन्हा

वोटिंग से एक दिन पहले यशवंत सिन्हा ने बयान देते हुए कहा, “जिस पार्टी का नेतृत्व अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी ने किया था, वह मर चुकी है और चली गई है। वर्तमान में एकमात्र नेता के कारण यह पूरी तरह से अलग और अपमानित पार्टी है।”

08:49 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: द्रौपदी मुर्मू पहले ही जीत चुकी हैं: बंगाल बीजेपी विधायक

दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा है, “यह (राष्ट्रपति चुनाव) महज एक औपचारिकता है। वह पहले ही जीत चुकी हैं। आंकड़े कहते हैं कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनेंगी। खुशी का मौका है। हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। यह ऐतिहासिक है।”

राष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा तो वहीं एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं। गैर एनडीए दलों ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है और इसीलिए उनकी जीत पक्की मानी जा रही है। यशवंत सिन्हा ने कहा है कि अगर द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो वह एक रबर स्टाम्प राष्ट्रपति साबित होंगी। राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे 21 जुलाई को आएंगे।