Presidential Election 2022: राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग हुई। वोटिंग 10 बजे से शुरू हुई जो शाम पांच बजे तक चली। वोटिंग के दौरान कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की खबर है। गुजरात में एनसीपी, यूपी में सपा, उड़ीसा में कांग्रेस के बागियों ने मुर्मू के सपोर्ट में मतदान किया है।

राष्ट्रपति चुनाव में कुल 99.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। साथ ही देश के 11 राज्यों में 100 प्रतिशत मतदान हुआ है। छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधायकों द्वारा शत-प्रतिशत मतदान किया गया है।

मतदान खत्म होने के बाद राज्यसभा के महासचिव और मुख्य रिटर्निंग अधिकारी पीसी मोदी ने कहा- “विभिन्न राज्यों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी सोमवार शाम को सड़कों और उड़ानों के माध्यम से सील मतपेटियों के साथ दिल्ली पहुंचना शुरू कर देंगे। हवाई अड्डे से संसद भवन तक सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।”

गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने क्रॉस वोटिंग करते हुए द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से भी क्रॉस वोटिंग की खबर है। बंगाल के दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा है कि चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की है, बस औपचारिकता बाकी है। यशवंत सिन्हा ने कहा है कि अगर द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो वह एक रबर स्टाम्प राष्ट्रपति साबित होंगी।

बीजद, वाईएसआरसीपी, बसपा, अन्नाद्रमुक, टीडीपी, जद (एस), शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना और झामुमो के समर्थन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के जीतने की संभावना सबसे अधिक है और उन्हें 60 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू देश के शीर्ष संवैधानिक पद को संभालने वाली आदिवासी समुदाय की पहली महिला बन जाएंगी।

Live Updates

Presidential Election Updates: सोमवार को देश में अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान हुआ। पढ़ें हाईलाइट्स...

22:34 (IST) 18 Jul 2022
11 राज्यों में 100 प्रतिशत मतदान

राष्ट्रपति चुनाव में कुल 99.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। साथ ही देश के 11 राज्यों में 100 प्रतिशत मतदान हुआ है। छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधायकों द्वारा शत-प्रतिशत मतदान किया गया है।

22:15 (IST) 18 Jul 2022
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को होगा खत्म

आज हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे 21 जुलाई को आएंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

20:14 (IST) 18 Jul 2022
99 प्रतिशत मतदान

चुनाव आयोग ने कहा है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। आयोग ने अनुसार- राष्ट्पति चुनाव के लिए कुल 4796 मतदाताओं में से 99% से अधिक ने मतदान किया है। छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, एमपी, मणिपुर, मिजोरम, पुडुचेरी, सिक्किम और तमिलनाडु से विधायकों द्वारा 100% मतदान किया गया है।

18:37 (IST) 18 Jul 2022
हवाई और सड़क मार्ग से दिल्ली लाया जाएगा वैलेट बॉक्स: पीसी मोदी

राज्यसभा के महासचिव और मुख्य रिटर्निंग अधिकारी पीसी मोदी ने कहा- "विभिन्न राज्यों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी आज शाम को सड़कों और उड़ानों के माध्यम से सील मतपेटियों के साथ दिल्ली पहुंचना शुरू कर देंगे। हवाई अड्डे से संसद भवन तक सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।"

17:05 (IST) 18 Jul 2022
दिल्ली में दो विधायकों ने नहीं डाले वोट

दिल्ली विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधायकों की वोटिंग पूरी हो गई है। 70 सदस्यीय विधानसभा में 68 सदस्यों ने मतदान किया। मुस्तफाबाद विधायक हाजी यूनुस हज यात्रा पर हैं, जबकि मंत्री सत्येंद्र जैन जेल में हैं, इस वजह से दोनों वोट नहीं डाल सके।

16:57 (IST) 18 Jul 2022
शाम 5 बजे तक होगा मतदान

राष्ट्रपति चुनाव के लिए वर्तमान में संसद भवन और विधानसभाओं में मतदान चल रहा है। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा।

16:56 (IST) 18 Jul 2022
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने डाला वोट

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद पहुंच कर राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। कांग्रेस इस चुनाव में यशवंत सिन्हा को सपोर्ट कर रही है।

15:57 (IST) 18 Jul 2022
अकाली विधायक मनप्रीत सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव का किया बहिष्कार

शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव का बहिष्कार करते हुए कहा कि पंजाब से जुड़े मुद्दे अनसुलझे हैं और एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला करने से पहले उनकी पार्टी नेतृत्व ने उनसे सलाह नहीं ली।

15:36 (IST) 18 Jul 2022
विवेक के अनुसार मतदान किया- कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई

पिछले महीने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले हरियाणा कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने सोमवार को कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में भी अपने विवेक के अनुसार मतदान किया है। उन्होंने विपक्ष के यशवंत सिन्हा के बजाय एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था, बिश्नोई ने दिल्ली में कहा- "राज्यसभा की तरह, मैंने इस चुनाव में भी अपने विवेक के अनुसार अपना वोट डाला है"।

15:29 (IST) 18 Jul 2022
सोनिया गांधी ने डाला वोट

कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। उनके साथ कांग्रेस सांसद शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

14:48 (IST) 18 Jul 2022
असम में मुर्मू को मिलेंगे सबसे ज्यादा वोट - सीएम

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने वोटिंग के बाद कहा- "मैंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट किया है। हमें उम्मीद है कि एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को हमारे राज्य से सबसे ज्यादा वोट मिलेंगे।"

14:17 (IST) 18 Jul 2022
सपा विधायक ने की क्रॉस वोटिंग

खबर है कि यूपी में एक सपा विधायक ने क्रॉस वोटिंग की है। मिली जानकारी के अनुसार सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने क्रॉस वोटिंग करके मुर्मू को वोट दिया है।

13:34 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: एनसीपी विधायक ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में किया मतदान

गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट किया। उन्होंने इसकी जानकारी खुद दी।

12:52 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: राष्ट्रपति चुनाव राजनीतिक चुनाव से अलग

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा, "आज के राष्ट्रपति चुनाव में शिवसेना द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रही है। हमारा मानना ​​है कि राष्ट्रपति चुनाव किसी भी राजनीतिक चुनाव से अलग होते हैं। यह सर्वोच्च पद है और एक उपयुक्त उम्मीदवार के लिए वोट डाला जाना चाहिए। इसलिए हमने यह निर्णय लिया।"

12:24 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: 350 सांसदों ने किया मतदान

पीटीआई ने सूत्रों के अनुसार जानकारी देते हुए बताया कि वोटिंग शुरू होने के पहले डेढ़ घंटे में करीब 350 सांसदों ने मतदान किया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी शामिल हैं।

12:06 (IST) 18 Jul 2022
बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगी द्रौपदी मुर्मू

बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा, "एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भारत के राष्ट्रपति बनने के लिए बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगी। इस देश में खुशी का माहौल है। भारत के आदिवासी समुदाय को पहले कभी इस पद को धारण करने का अवसर नहीं मिला।"

12:05 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: पीएम युवाओं और किसानों पर चर्चा तक नहीं करते

आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव ने कहा, "इस देश में अराजकता की स्थिति है।लोकतंत्र के लिए खतरा है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर हो रहा है। हम ऐसा राष्ट्रपति चाहते हैं जो इस पर गौर करे। हमारे पीएम युवाओं या किसानों के मुद्दों पर चर्चा तक नहीं करते।"

11:39 (IST) 18 Jul 2022
एनडीए के अलावा अन्य दल भी मुर्मू को वोट कर रहें

कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा है कि न केवल एनडीए और उसके गठबंधन, यहां तक ​​कि अन्य दल द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रहे हैं। वह एक आदिवासी महिला हैं। यह लोकतंत्र की प्रकृति के बारे में बहुत कुछ बताता है, जहां अंतिम समुदाय भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।

11:34 (IST) 18 Jul 2022
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने डाला वोट

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संसद भवन में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। स्वास्थ्य कारणों से वह व्हील चेयर पर बैठकर संसद पहुंचे।

https://twitter.com/ANI/status/1548904674803138560?t=tj1r171Uj9SkCEZXnD2dWQ&s=19

11:01 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: हमारी बहन राष्ट्रपति बनेंगी

एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वोट डालने के बाद कहा, "आदिवासी समुदाय की हमारी बहन अब राष्ट्रपति बनेंगी। एमपी के विधायक उन्हें वोट दे रहे हैं। मैं सभी से पार्टियों की सीमाओं से ऊपर उठकर अपने विवेक के आधार पर मतदान करने और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने में योगदान देने की अपील करना चाहता हूं। न केवल मतदाता-विधायक-बल्कि आम जनता उनके लिए उत्साहित है।"

10:59 (IST) 18 Jul 2022
चुनाव में पैसे का खेल शामिल

यशवंत सिन्हा ने कहा, "मैं सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ रहा हूं बल्कि सरकारी एजेंसियों के खिलाफ भी लड़ रहा हूं। वे बहुत शक्तिशाली हो गए हैं। वे पार्टियों को तोड़ रहे हैं, लोगों को उन्हें वोट देने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इसमें पैसे का खेल भी शामिल है।"

10:57 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: सभी मतदाता अपने दिल की सुनें और मुझे वोट करे: यशवंत सिन्हा

यशवंत सिन्हा ने बयान देते हुए कहा है, "यह चुनाव बेहद अहम है, देश के लोकतंत्र की राह तय करेगा। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे अपने दिल की सुनें। यह एक गुप्त मतदान है, मुझे उम्मीद है कि वे अपने विवेक का इस्तेमाल करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के लिए मुझे चुनेंगे।"

10:38 (IST) 18 Jul 2022
योगी आदित्यनाथ, नवीन पटनायक समेत इन मुख्यमंत्रियों ने डाला वोट

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी अपने राज्यों की विधानसभाओं में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

10:37 (IST) 18 Jul 2022
Presidential Election Live Updates: पीएम मोदी ने किया मतदान

पीएम मोदी ने संसद भवन में मतदान किया। इसके साथ ही मतदान की प्रक्रिया जारी है और सभी सांसद संसद भवन में मतदान कर रहे हैं।

10:11 (IST) 18 Jul 2022
ये चुनाव संविधान का

महाराष्ट्र कांग्रेस नेता बाला साहेब थोराट ने कहा है कि कांग्रेस की तरफ से यशवंत सिन्हा जी को मतदान किया जाएगा। ये राष्ट्रपति का चुनाव है। आदिवासी और बिना आदिवासी का नहीं है, ये चुनाव संविधान का है।

10:10 (IST) 18 Jul 2022
ये संसद सत्र काफी महत्वपूर्ण: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "ये सत्र बहुत महत्वपूर्ण है और इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इसी समय राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के चुनाव हो रहे हैं। आज मतदान भी हो रहा है और इसी कालखंड में देश को नए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति मिलेंगे।"

10:10 (IST) 18 Jul 2022
महाराष्ट्र से रिकॉर्ड वोट हासिल करेंगी द्रौपदी मुर्मू

महाराष्ट्र से बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा है कि NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय है। हमें पूरा विश्वास है कि वह महाराष्ट्र से रिकॉर्ड वोट हासिल करेंगी।

09:36 (IST) 18 Jul 2022
लखनऊ में विधानभवन के तिलक हॉल में वोटिंग

लखनऊ में राष्ट्रपति चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। विधानभवन के तिलक हॉल में वोटिंग होगी।

09:09 (IST) 18 Jul 2022
पंजाब का 99 फीसदी वोट यशवंत सिन्हा को जा रहा- कांग्रेस

पंजाब कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मतदान से पहले सोमवार को कहा, "चंडीगढ़ सीएलपी की बैठक में सभी को बताया जाएगा कि वोट किसे डालना है, गलती से किसी और को वोट न दे दी जाए। हमारी पूरी कोशिश है... पंजाब का 99% वोट यशवंत सिन्हा को जा रहा है।"

09:01 (IST) 18 Jul 2022
चुनाव से पहले विधायकों के साथ अखिलेश यादव की बैठक

राष्ट्रपति चुनाव की पूर्व संध्या पर अखिलेश यादव ने अपने विधायकों के साथ बैठक की और राष्ट्रपति चुनाव से संबंधित चर्चा की।

राष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा तो वहीं एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं। गैर एनडीए दलों ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है और इसीलिए उनकी जीत पक्की मानी जा रही है। यशवंत सिन्हा ने कहा है कि अगर द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो वह एक रबर स्टाम्प राष्ट्रपति साबित होंगी। राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे 21 जुलाई को आएंगे।