राष्ट्रपति पद के लिए सोमवार को वोट डाले जाएंगे और नतीजे बुधवार को आएंगे। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पूरे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान मोदी सरकार और एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर निशाना साधते रहें। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के लिए कहा कि अगर वह जीतती हैं तो रबर स्टैम्प राष्ट्रपति साबित होंगी। यशवंत सिन्हा ने बीजेपी विधायकों और सांसदों से भी वोटिंग के एक दिन पहले अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

यशवंत सिन्हा ने बीजेपी वोटरों (राष्ट्रपति चुनाव के) से एक अपील करते हुए कहा, “मैं भाजपा के मतदाताओं से एक विशेष अपील करना चाहता हूं। मैं भी कभी आपकी पार्टी का था। हालाँकि मुझे यह कहते हुए खेद है कि जिस पार्टी का नेतृत्व अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी ने किया था, वह मर चुकी है और चली गई है। वर्तमान में एकमात्र नेता के तहत यह पूरी तरह से अलग और अपमानित पार्टी है।”

यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर से लोकतंत्र बचाने की बात की। उन्होंने कहा, “यह चुनाव आपके लिए भाजपा में बेहद जरूरी सुधार लाने का आखिरी मौका है। मेरी जीत सुनिश्चित करके आपको भाजपा को बचाने और भारत में लोकतंत्र को बचाने के लिए एक महान सेवा प्रदान करनी होगी।”

यशवंत सिन्हा ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मेरी प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार ने संविधान बचाने जैसी कोई प्रतिज्ञा नहीं की है। वास्तव में पूरे प्रचार अभियान के दौरान चुप रही हैं, जिससे यह अग्रिम सूचना मिल जाती है कि यदि वह चुनी जाती है, तो वह एक मूक और रबर-स्टाम्प राष्ट्रपति बनेंगी।”

यशवंत सिन्हा ने अपने प्रचार अभियान के दौरान कई प्रमुख भाजपा नेताओं से संपर्क किया और अपने लिए समर्थन मांगा। कई बीजेपी नेताओं ने उन्हें बेहतर उम्मीदवार बताया और नैतिक समर्थन का आश्वासन दिया, लेकिन अपना वोट देने का आश्वासन नहीं दिया।

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की मानी जा रही है। एनडीए के अलावा अन्य दलों ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की अपील की है। जेएमएम, बीजेडी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है।