संसद (Parliament) का बजट सत्र (Budget 2023) शुरू हो गया है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने अपने अभिभाषण के दौरान केंद्र सरकार की जमकर तारीफ की। वहीं उनके अभिभाषण पर विपक्ष ने निशाना साधा। कांग्रेस नेता शशि थरूर (Congress Leader Shashi Tharoor) ने कहा है कि महामहिम के जरिए बीजेपी 2024 लोकसभा चुनाव जीतने की तैयारी में है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि बीजेपी राष्ट्रपति के जरिए 2024 का चुनाव जीतने की तैयारी कर रही है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ती हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार अपना अगला चुनाव अभियान उनके माध्यम से चला रही है। पूरा भाषण एक चुनावी भाषण था जो सरकार (Modi Government) द्वारा किए गए हर काम के लिए उसकी प्रशंसा करने की कोशिश कर रहा था और उन चीजों को छोड़ रहा था जो इतना अच्छा नहीं किया।”
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहली बार संसद को संबोधित किया। उन्होंने 1 घंटे 2 मिनट तक भाषण दिया। अपने अभिभाषण में उन्होंने कहा कि भारत में मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है, जो बिना डरे काम कर रही है। साथ ही उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद पर सख्ती, आर्टिकल 370 और तीन तलाक का जिक्र भी किया।
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि हमें आत्मनिर्भर भारत बनाना है उन्होंने कहा, “हमें ऐसा भारत बनाना है जहां गरीबी न हो और मध्यम वर्ग वैभव से युक्त हो। हमारे सामने युग निर्माण का अवसर है। इसके लिए शत-प्रतिशत सामर्थ्य के साथ काम करना है। हमें 2047 तक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जिसमें अतीत का गौरव और आधुनिकता का हर स्वर्णिम अध्याय हो। भारत सरकार ने कहा है कि आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में वास्तविक रूप से 6.5% की बेसलाइन जीडीपी वृद्धि का अनुमान लगाता है।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “राष्ट्रपति का अभिभाषण दोहराता है कि सरकार क्या चाहती है और क्या करती है। स्वाभाविक रूप से, राष्ट्रपति सरकार का बयान प्रस्तुत करते हैं। फिर भी हम राष्ट्रपति के अभिभाषण का सम्मान करते हैं। जब सदन में अभिभाषण पर चर्चा होगी, हम अपना विचार रखेंगे। सरकार के खिलाफ कई मुद्दे हैं। हम इन मुद्दों को एक के बाद एक संसद में उठाएंगे। राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी पर कुछ नहीं था। हम और नागरिक केवल सरकार की विफलताओं को देख सकते हैं। वे केवल बोलते हैं लेकिन करते नहीं हैं।”