राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज 67वां जन्मदिन है। शुक्रवार को उन्हें बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका जीवन और नेतृत्व देश भर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। द्रौपदी मुर्मू ने 2022 में राष्ट्रपति पद संभाला था और वह आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली पहली राष्ट्रपति हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन पर एक कार्यक्रम में पहुंची प्रेसिडेंट मुर्मू भावुक हो गईं।
देहरादून पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उस समय भावुक हो गईं जब राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान के विद्यार्थियों ने एक गीत के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों ने ‘बार-बार दिन ये आए’ गाना गा कर राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी जिसे सुनकर वह भावुक हो गईं और साड़ी से अपनी आंख में आए आंसू पोछने लगीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पीएम मोदी ने दी राष्ट्रपति को शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, ‘‘ राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी को हिम्मत देती है और आशा की किरण है।’’ प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, ‘‘उन्होंने गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए हमेशा काम किया है। उनके दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’
सीवान पहुंचे PM मोदी ने बोला विपक्ष पर बड़ा हमला
खड़गे और राहुल ने दी द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन पर बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 67वें जन्मदिन पर शुक्रवार को उन्हें बधाई दीऔर उनके दीर्घायु होने की कामना की। खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कांग्रेस की ओर से, हम भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। कामना है कि राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति उनकी बुद्धिमत्ता और अटूट समर्पण देश को सच्चाई और शुचिता के मार्ग पर ले जाए।” उन्होंने कहा, “हम उनके लंबे, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।” राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “माननीय राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए उनके सुदीर्घ, स्वस्थ व यशस्वी जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”सेवा और सादगी की प्रतीक, माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई!” उन्होंने कहा, ”भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ, स्वस्थ व यशस्वी जीवन की प्रार्थना है।” पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स