दिल्ली नगर निगम की पांच सीटों के लिए रविवार को मतदान होगा। इन सीटों पर मतदान के लिए आयोग ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। कुल 2.46 लाख मतदाता इस बार मैदान में उतरे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला लेंगे। चुनाव में मुख्य मुकाबला तीन प्रमुख पार्टियों भाजपा, ‘आप’ व कांग्रेस के बीच है। सभी दलों के उम्मीदवार लोगों के बीच जाकर कई दिनों से अपने पक्ष में चुनाव प्रचार जोरों से करते रहे हैं।
जिन पांच सीटों के लिए यह मतदान कराया जा रहा है। उन सीटों में रोहिणी सी, शालीमार बाग उत्तर, त्रिलोकपुरी पूर्वी, कल्याणपुरी और चौहान बांगर की सीट शामिल हैं। इन सीटों पर पर कुल 242414 मतदाता है। इन मतदाताओं में 131156 पुरुष, 20067 महिला और 35 अन्य मतदाता शामिल हैं। आयोग के मुताबिक मतदान के लिए तमाम सुरक्षा बंदोबस्त व अन्य इंतजाम पूर्ण कर लिए गए हैं और मतदाता रविवार को अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कोविड को देखते हुए ऐहतियातन जांच-पड़ताल करने की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से स्वतंत्रतापूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए आग्रह किया है।
रोहिणी उप चुनाव में पैसा बांटने के आरोप पर शिकायत दर्ज : रोहिणी सी वार्ड से भाजपा उम्मीदवार राकेश गोयल ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रामचंद्र पर जनता को खुलेआम पैसा बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में ‘आप’ नेता का नामांकन रद्द करने की शिकायत दर्ज कराई है। कहा कि उम्मीदवार ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने एक फोटो भी जारी की है और जांच की मांग की है।
बहरहाल मामले में जांच-पड़ताल के बाद ही सच्चाई का खुलासा हो सकेगा। रविवार को मतदान है। ऐसे में अब मामले की जांच संभव नहींं है।
किस वार्ड में कितने मतदाता
वार्ड मतदाता संख्या
002 ई 459553
008 ई 42785
032 एन 69131
041 ई 39607
062 एन 44938