Yogi cabinet meeting in Maha Kumbh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (बुधवार 22 जनवरी) अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक करेंगे। यह बैठक त्रिवेणी संगम के पास अरैल स्थित त्रिवेणी संकुल सभागार में दोपहर 12 बजे शुरू होगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उनके 54 मंत्री संगम में डुबकी लगाएंगे और मां गंगा की पूजा-अर्चना करेंगे।

कैबिनेट बैठक के प्रमुख एजेंडे

इस बैठक में 12 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। इनमें शामिल हैं:

  • छात्रों के लिए डिजिटल कदम: राज्य के 40 लाख छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित करने का प्रस्ताव।
  • नगरीय विकास: प्रयागराज, वाराणसी और आगरा नगर निगमों द्वारा बांड जारी करने का निर्णय।
  • मेडिकल कॉलेज: हाथरस, बागपत और कासगंज में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव।
  • औद्योगिक विकास: टाटा टेक्नोलॉजी द्वारा 62 आईटीआई को विकसित करने और अशोक लेलैंड को भूमि आवंटन।
  • धार्मिक पर्यटन: सात जिलों को मिलाकर एक धार्मिक सर्किट बनाने का प्रस्ताव।

यह भी पढ़ें…‘…मन्नत मांगी है’, जानिए महाकुंभ में पवित्र स्नान के बाद सुधा मूर्ति ने क्या कहा; योगी के लिए की लंबी उम्र की कामना

सुरक्षा और व्यवस्थाएं

डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौनी अमावस्या स्नान को ध्यान में रखते हुए स्नानार्थियों की सहूलियत को प्राथमिकता दी गई है। गृह सचिव संजय प्रसाद ने कहा कि सभी मंत्रियों के संग संगम में डुबकी लगाने की पूरी तैयारी है।

योगी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

  • सुबह 11:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • हेलिकॉप्टर से अरैल स्थित त्रिवेणी संकुल सभागार पहुंचेंगे।
  • 12 बजे से 1 बजे तक कैबिनेट बैठक होगी।
  • 1:30 बजे मंत्री मंडल के साथ संगम में डुबकी और पूजा।
  • दोपहर 3:30 बजे वापस लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

लखनऊ से बाहर चौथी कैबिनेट बैठक

योगी सरकार ने लखनऊ के बाहर चौथी बार कैबिनेट बैठक का आयोजन किया है। इससे पहले 2019 के अर्धकुंभ, वाराणसी और अयोध्या में कैबिनेट बैठकें हो चुकी हैं।

महाकुंभ का दसवां दिन

त्रिवेणी संगम पर अब तक 9 करोड़ से अधिक श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं। महाकुंभ के 144 वर्षों में होने वाले दुर्लभ खगोलीय संयोग के चलते इस बार का आयोजन विशेष माना जा रहा है। आज की कैबिनेट बैठक उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संगम में स्नान और धार्मिक आस्था के प्रति उनका समर्पण सरकार की नई सोच और जनता के साथ जुड़ाव को दिखाता है। महाकुंभ से जुड़ी खबरें जानने के लिए यहां करें क्लिक