Prayagraj Maha Kumbh Weather Update: प्रयागराज महाकुंभ मेला शुरू होने में अब सिर्फ 10 दिन शेष हैं। मेले की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस बार शीतलहर और गिरते तापमान के बीच दुनियाभर से आने वाले करोड़ों तीर्थयात्रियों के लिए मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ ही प्रयागराज आने और जाने का प्लान कर रहे देश-दुनिया के लोगों को भी बिल्कुल सटीक जानकारी मिल सकेगी।

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव है, जिसमें प्रयागराज भी शामिल है। पहाड़ों पर बर्फबारी और न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ गई है। तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक विशेष वेबपेज लॉन्च किया है। यह वेबपेज हर 15 मिनट में मौसम का ताजा अपडेट देगा और दिन में दो बार पूर्वानुमान भी उपलब्ध कराएगा।

डिजिटल डिस्प्ले और नई तकनीक

महाकुंभ क्षेत्र को एक अस्थायी जिले के रूप में स्थापित किया गया है। आईएमडी लखनऊ के निदेशक मनीष रानालकर ने बताया कि महाकुंभ क्षेत्र में तीन नए स्वचालित मौसम स्टेशन (AWS) लगाए गए हैं। इन स्टेशनों से हर 15 मिनट में मौसम की जानकारी अपडेट की जाएगी। साथ ही, तीर्थयात्रियों के लिए दो डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए गए हैं, जहां मौसम से जुड़ी सटीक और वास्तविक समय की जानकारी मिलेगी।

क्या है स्वचालित मौसम स्टेशन (AWS)?

स्वचालित मौसम स्टेशन (AWS) अत्याधुनिक तकनीक से लैस उपकरण हैं, जो भूमि से जुड़े विभिन्न मौसम मापदंडों का डेटा प्रदान करते हैं। इनमें हवा की दिशा और गति, तापमान, आर्द्रता, वायुदाब, और वर्षा जैसे मापदंड शामिल हैं। ये स्टेशन तीर्थयात्रियों को मौसम की स्थिति से हर पल अवगत कराएंगे।

यह भी पढ़ें… Prayagraj Maha Kumbh 2025: महाकुंभ का अर्थशास्त्र- लगातार बढ़ता रहा दुनिया के सबसे बड़े मेले का खर्च और प्रबंधन

मौसम अपडेट क्यों है जरूरी?

महाकुंभ मेला में आने वाले करोड़ों श्रद्धालु ठंड और शीतलहर के बीच स्नान और अन्य धार्मिक गतिविधियों में भाग लेते हैं। ऐसे में मौसम की जानकारी उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आईएमडी की यह पहल तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव देने के लिए एक बड़ा कदम है।