Prashant Kishore Arrested: बिहार में बीपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रशांत किशोर पटना के गांधी मैदान में प्रदर्शन कर रहे थे। वह आमरण अनशन पर बैठे थे। इस बीच सोमवार सुबह 5 बजे पटना पुलिस गांधी मैदान में पहुंची और प्रशांत किशोर को गिरफ्तार कर लिया। प्रशांत किशोर कंबल ओढ़कर सो रहे थे, जब उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रशांत किशोर को लेकर पटना एम्स पहुंची और उन्हें भर्ती कराया गया।

सामने आया वीडियो

गांधी मैदान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमे प्रशांत किशोर को पुलिस स्थल से हटाते हुए दिखाई दे रही है। इस दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस को रोकने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशांत किशोर अनियमितताओं के आरोपों के बीच राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा रद्द करने पर जोर दे रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा का पेपर लीक हो गया है।

प्रशांत किशोर ने पहले पीटीआई से बात करते हुए कहा था, “ये नेता हमसे बहुत बड़े हैं। गांधी मैदान में हम पांच लाख लोगों को इकट्ठा कर सकते हैं। ऐसा करने का यही समय है। युवाओं का भविष्य दांव पर है। हम एक क्रूर शासन का सामना कर रहे हैं जिसने केवल तीन वर्षों में 87 बार लाठीचार्ज का आदेश दिया है।”

‘मांगें नहीं मानी तो रिपब्लिक डे परेड…’, प्रशांत किशोर का नीतीश सरकार को अल्टीमेटम

सरकार को 26 जनवरी का समारोह आयोजित नहीं करने देंगे- किशोर

वहीं प्रशांत किशोर ने द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा था, “अगर सरकार 31 जनवरी (बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा परिणाम की घोषणा की तारीख) से पहले बिहार लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा की दोबारा परीक्षा का आदेश नहीं देती है, तो हम सरकार को 26 जनवरी का आधिकारिक समारोह आयोजित नहीं करने देंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बिहार के प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम 500 छात्र मैदान में आएं।”

प्रशांत किशोर 2 जनवरी से आमरण अनशन पर बैठे हुए थे। इस दौरान डॉक्टर्स उनका रेगुलर चेकअप कर रहे थे। डॉक्टर्स ने चेतावनी दी थी कि अगर उनका इलाज नहीं कराया जाएगा, तो हालत बिगड़ सकती है। हालांकि प्रशांत किशोर इलाज नहीं करा रहे थे।