महाराष्ट्र में कांग्रेस ने भाजपा से कस्बा पेठ सीट छीन ली। इस सीट पर भाजपा पिछले 28 साल से जीत दर्ज करती आई थी। बंगाल से भी कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आई। पश्चिम बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत के बाद पार्टी का खाता खुल गया।
महाराष्ट्र की कस्बा पेठ, चिंचवाड़, बंगाल की सागरदिघी, झारखंड के रायगढ़, तमिलनाडु की इरोड, अरुणाचल प्रदेश की लुमला सीट पर उपचुनाव कराए गए। महाराष्ट्र के कस्बा पेठ में कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने जीत दर्ज की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने गढ़ पुणे की इस सीट को बरकरार रखने में विफल रही। उसके उम्मीदवार हेमंत रसाने को हार का सामना करना पड़ा। कस्बा पेठ सीट पर भाजपा 28 साल से जीत दर्ज करती आई थी।
पुणे से मौजूदा भाजपा सांसद गिरीश बापट ने 2019 तक पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के समर्थन वाले उम्मीदवार धंगेकर ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने में कामयाबी हासिल की। वहीं, चिंचवाड़ में भाजपा ने पूर्व विधायक लक्ष्मण जगताप की पत्नी अश्विनी जगताप, एनसीपी के नाना काटे और निर्दलीय राहुल कलाटे के बीच मुकाबला था। यहां भाजपा आगे रही।
बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार बायरन विश्वास को जीत मिली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी को 22,980 मतों से हराया। इसके साथ ही वह मौजूदा विधानसभा के लिए निर्वाचित होने वाले कांग्रेस के पहले विधायक बन गए हैं। पिछले साल दिसंबर में राज्य के मंत्री सुब्रत साहा के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराए गए थे।
तमिलनाडु में कांग्रेस ने दर्ज की जीत
तमिलनाडु में इरोड पूर्व सीट कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव में अन्नाद्रमुक को हराकर अपने पास बरकरार रखी। इस सीट पर 77 उम्मीदवार मैदान में थे। द्रमुक समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस एलंगोवन और एआइएडीएमके के केएस थेन्नारास्रु के बीच कड़ा मुकाबला था। इस सीट पर एलंगोवन के बेटे और कांग्रेस विधायक ई थिरुमहान एवरा के निधन की वजह से चुनाव हुआ था।
अरुणाचल प्रदेश में लुमला उपचुनाव के नतीजे भी पहले से ही तय थे। यह सीट भारत-चीन सीमा पर स्थित तवांग जिले में स्थित है। लुमला सीट पर उपचुनाव भाजपा विधायक जंबे ताशी के निधन की वजह से हुआ था। भाजपा ने पूर्व विधायक जंबे ताशी की पत्नी शेरिंग हामु को मैदान में उतारा था। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के अलावा किसी ने नामांकन नहीं भरा था। वह एक मात्र प्रत्याशी थीं। ऐसे में उन्होंने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है।
झारखंड की रामगढ़ सीट पर आजसू की उम्मीदवार सुनीता चौधरी ने 21,970 मतों के अंतर से यूपीए समर्थित कांग्रेस के प्रत्याशी बजरंग महतो को हरा दिया। उपचुनाव में भाजपा के साथ मिलकर उपचुनाव में उतरी आजसू को 1,15,669 वोट मिले। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस को 93,699 मत मिले। कांग्रेस विधायक ममता देवी को आपराधिक मामले में दोषी साबित होने पर विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराए जाने के बाद यह उपचुनाव कराया गया।