Port Blair Name Changed: मोदी सरकार ने केंद्रशासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर की नाम बदलने का फैसला किया है, जिसका ऐलान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से किया। उन्होंने कहा कि अब पोर्ट ब्लेयर का नया नाम ‘श्री विजयपुरम’ होगा। उन्होंने कहा कि पोर्ट ब्लेयर एक गुलामी का प्रतीक था, इसीलिए केंद्रशासित प्रदेश की राजधानी का नाम बदलने का निर्णय किया गया है।
दरअसल, इस फैसले को लेकर केद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में गृहमंत्री ने कहा कि देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से प्रेरित होकर आज गृह मंत्रालय ने पोर्ट ब्लेयर का नाम ‘श्री विजयपुरम’ करने का निर्णय लिया है।
अमित शाह ने याद दिलाया इस द्वीप का महत्व
गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा कि ‘श्री विजयपुरम’ नाम हमारे स्वाधीनता के संघर्ष और इसमें अंडमान और निकोबार के योगदान को दर्शाता है। इस द्वीप का हमारे देश की स्वाधीनता और इतिहास में अद्वितीय स्थान रहा है। चोल साम्राज्य में नौसेना अड्डे की भूमिका निभाने वाला यह द्वीप आज देश की सुरक्षा और विकास को गति देने के लिए तैयार है।
गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा कि यह द्वीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी द्वारा सबसे पहले तिरंगा फहराने से लेकर सेलुलर जेल में वीर सावरकर व अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के द्वारा माँ भारती की स्वाधीनता के लिए संघर्ष का स्थान भी है।
मोदी सरकार पहले भी बदल चुकी है नाम
बता दें कि देश की मोदी सरकरा लगातार अंडमान-निकोबार में द्वीपों के नाम बदल रही है। इससे पहले केंद्र सरकार ने रोस आइलैंड का नामकरण नेताजी सुभाषचंद्र बोस द्वीप के नाम पर किया था। वहीं इसके अलावा नील आइलैंड को शहीद द्वीप और हेवलॉक आइलैंड को स्वराज द्वीप का नाम देने का फैसला सुनाया था।
इसके बाद केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 21 द्वीपों का नामकरण परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर किया गया।