उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत नेताओं ने मुलायम के निधन पर दुख जताया है। मुलायम सिंह यादव पिछले कुछ समय से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे उनको वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके निधन के बाद से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रधानमंत्री ने मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि वह उनके निधन से दुख में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब मुलायम यूपी के सीएम थे तो कई बार उनसे मुलाकात हुई और वह उनके विचारों को सुनने के लिए हमेशा उत्सुक रहते थे।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “जब हम दोनों मुख्यमंत्री के तौर पर काम कर रहे थे , तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बार बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना। शांति।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी किया ट्वीट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे और उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। उन्होंने कहा, “मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई।” उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

पीयूष गोयल ने कहा- नेताजी का निधन देश के लिए बड़ी क्षति

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि नेताजी के योगदान को आने वाले कई सालों तक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘नेताजी’ सभी को प्रिय थे। उन्होंने अपना जीवन उत्तर प्रदेश और राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उनका निधन देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवादी के प्रमुख स्तंभ और संर्घषशील युग का अंत हुआ है।

उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इसके साथ ही यूपी सीएम ने मुलायम के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की भी घोषणा की है।