Congress Nationwide Protest: कांग्रेस 5 अगस्त, शुक्रवार को देशभर में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंच रहे हैं। वहीं इस प्रदर्शन में शामिल राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, शशि थरूर समेत कई अन्य कांग्रेस सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

महिला पुलिसकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत:

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लेने के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बेरोजगारी और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने वहां से उन्हें उठने के लिए कहा लेकिन प्रियंका गांधी वहीं बैठी रहीं।

दरअसल कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी कांग्रेस दफ्तर के बाहर सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए बैरिकेड के ऊपर चढ़ कर दूसरी तरफ पहुंच गई थीं। जिसके बाद महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें घेर लिया। फिर प्रियंका गांधी सड़क पर ही धरने पर बैठ गई।

इसके बाद करीब 9 महिला पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर गाड़ी तक ले जाने लगी। इस दौरान पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिला पुलिसकर्मी प्रियंका गांधी को उठाते हुए दिख रही हैं और प्रियंका गांधी खुद को महिला पुलिसकर्मियों से छुड़ाती हुई नजर आ रही हैं।

क्या कहा प्रियंका गांधी ने:

प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उनको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि अपनी फौज दिखाने के बाद हम समझौता करे लेंगे। लेकिन हम तो यहां एक मकसद से आए हैं। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने पूरे देश की संपत्ति अपने दोस्तों को दे दी, उनपर कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन देश की आम जनता तरस और तड़प रही है।

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर को छोड़कर पूरी नई दिल्ली इलाके में 144 धारा लागू की है। ऐसे में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।

प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने की प्रेस कांफ्रेंस:

सड़क पर उतरने से पहले राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस देश ने 70 साल में बनाया उसको 8 साल में खत्म कर दिया गया। आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है।

राहुल ने कहा कि मैं लोकतंत्र के लिए खड़े होने का अपना काम करता रहूंगा। यह बात समझ लीजिए कि जो धमकाता है वह डरता है। उन्होंने कहा, “हिटलर भी चुनाव जीतकर आया था। हिटलर कैसे चुनाव जीतता था? सारे संस्थान उसके हाथ में थे। उसके पास पूरा ढ़ांचा था। मुझे पूरा ढांचा दे दो फिर मैं दिखाऊंगा चुनाव कैसे जीता जाता है।”