बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने एक युवक को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी। गिरफ्तार युवक का नाम योगी संजय नाथ है। समाजिक कार्यकर्ता शाहीन सैयद की ने प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक ट्वीट करने को लेकर बिहार साइबर क्राइम इंवेस्टिगेशन यूनिट में शिकायत दर्ज करवायी थी। साइबर यूनिट ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। कटिहार टाउन थाना के इंचार्ज रंजन कुमार ने बताया, आरोपी युवक नाथ विनोदपुर का रहने वाला है। हमने शिकायत मिलने के बाद आपत्तिजनक ट्वीट करने वाले नाथ के खिलाफ कार्रवाई की है।”
कांग्रेस महासचिव के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट करने वाला युवक खुद को भाजपा का समर्थक बताता है। कुछ दिनों पहले उसने प्रियंका गांधी को लेकर अपने टि्वटर अकाउंट पर आपत्तिजनक ट्वीट किए थे। इसकी जानकारी मिलने पर शाहीन सैयद ने बिहार पुलिस के साइबर सेल में इसकी शिकायत की और टि्वटर हैंडल का लिंक भी भेजा। बिहार साइबर सेल के एसपी सुशील कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि युवक कटिहार का रहने वाला है। इसके बाद कटिहार पुलिस को सूचना दी गई और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि इससे पहले अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ कथित ‘दुर्भावनापूर्ण अभियान’ के खिलाफ दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कराई। सुष्मिता दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला इकाई की अध्यक्ष र्शिमष्ठा मुखर्जी के साथ संसद मार्ग थाने पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई। बाद में सुष्मिता ने कहा कि इस मामले पर देश के सभी राज्यों की राजधानियों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने संसद मार्ग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उन लोगों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की जाए जो प्रियंका गांधी को निशाना बनाकर दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रहे हैं।’’
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि इस साजिश के पीछे नरेंद्र मोदी जी के भक्त लोग हैं। सभी राज्यों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाने वालों का मकसद हाल ही में सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाली प्रियंका जी का नाम खराब करने और उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने का है।’’ प्राथमिकी उस वक्त दर्ज कराई गई है जब हाल ही में भाजपा के कुछ नेताओं ने प्रियंका को लेकर कथित तौर पर विवादित बयान दिए हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले दिनों अपनी बहन प्रियंका को कांग्रेस महासचिव और प्रभारी (पूर्वी उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया। वह अगले कुछ दिनों के भीतर पदभार संभालेंगी। (एजेंसी इनपुट के साथ)