भाजपा सरकार के राज में पिछले कुछ महीनों से पेट्रोल-डीजल के दाम अप्रत्याशित रूप से बढ़ रहे हैं। कई राज्यों में तो तेल के दाम 100 रुपए का आंकड़ा छू कर लौट चुके हैं। इसके अलावा कुछ अन्य चीजों के महंगे होने से भी आम जनता को समस्या का सामना करना पड़ा है। इसे लेकर एक न्यूज चैनल पर कवि ने भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी को निशाने पर ले लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गोवर्धन पर्वत भी आपके ही राज में बना। हालांकि, इस पर बिधूड़ी ने तर्क देकर ऑडियंस की तालियां बटोर लीं।
भाजपा नेता ने कवि को दिया जवाब: कवि हेमंत पांडे ने कहा कि पेट्रोल के रेट बढ़ने से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ा। क्योंकि मैं पहले भी 70 का ही तेल डलाता था और अब भी 70 का ही डलाता हूं। कवि ने आगे कहा, “लेकिन आपके राज में सबकुछ सस्ता हुआ और आपके राज में बना भी सबकुछ है। गोवर्धन पर्वत भी आपके राज में ही बना। मैं समर्थन करता हूं आपका।
हालांकि, इस पर दक्षिण दिल्ली के सांसद ने कहा, “गोवर्धन पर्वत हमारे राज में नहीं बना। पर जिस संस्कृति को फॉलो कर रहे हैं, उस संस्कृति द्वारा बनाया गया गोवर्धन पर्वत है। धर्म के मार्ग पर चलने के लिए गोवर्धन पर्वत बना था। इंद्र देवता जब परेशान थे और वे सब लोगों को बहाने लगे थे, तब बंसीवाले ने लोगों की रक्षा के लिए पहाड़ को उंगली पर उठा लिया था।”
आम आदमी पार्टी पर भी साधा निशाना: इसके बाद कवि हेमंत पांडे ने किसान आंदोलन को लेकर अपनी कुछ पंक्तियां सुनाईं। उन्होंने कहा, “न आन बने थे, न वो सम्मान बने थे। ऐसा लगा था गांव के प्रधान बने थे। सबसे पहले उठाइए धरनों से उन्हीं को, जो दो महीने से असली किसान बने थे।” कवि ने आगे यूपी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, “सपा कह रही रोजगार के लिए नए मिल लेकर आएंगे। आप कह रही कि हम इलेक्शन में बड़ा दिल लेकर आएंगे। कांग्रेस ने कहा यदि सत्ता में आ गए, तो राष्ट्रीय वाहन ट्रैक्टर हो इसका बिल लेकर आएंगे।”
इस पर बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा, “आप अगर बड़ा मन लेकर आते, तो आपका कवि भाई कुमार विश्वास बाहर न होता। योगेंद्र यादव को सिंघु बॉर्डर पर न बैठना पड़ता। प्रशांत आजतक घूमता फिर रहा है। अन्ना हजारे उसके बड़े मन को ढूंढते फिर रहे हैं बेचारे। तो वो कैसा बड़ा मन लेकर आएंगे, आप मेरे से अच्छे से जानते हो।”