साल 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले संगठन की कमान कसने के लिए पीएम मोदी खुद आगे आ गए हैं। शनिवार (3 नवंबर) को पीएम नरेंद्र मोदी ने साल 2018 के विधानसभा चुनावों के लिए तीन बड़े राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। पीएम ने इस दौरान सरकार की उपलब्धियों से कार्यकर्ताओं को आगाह किया और विपक्ष पर निशाना भी साधा।
शनिवार (3 नवंबर) को पीएम मोदी ने नमो एप के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे। पीएम मोदी ने इस दौरान मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड के टीकमगढ़, राजस्थान के सीकर, कोटा, छत्तीसगढ़ के कोरबा और यूपी के बुलंदशहर के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
Kuch neta to jhoot ki machine ki tarah hain. Jab bhi munh kholte hain, dhar dhar AK 47 ki tarah jhoot hi nikalna shuru ho jaata hai. Aise mein, aapko vipaksh ke jhoot ko bhi janta ke saamne benaqab karna hai: PM Narendra Modi in an interaction with BJP workers pic.twitter.com/oMiWSjUsPQ
— ANI (@ANI) November 3, 2018
कार्यकर्ताओं से बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर इशारों में हमला किया। उन्होंने कहा,” विपक्ष झूठ पर झूठ फैलाने में लगा है। जनता को गुमराह करने में जुटा है। कुछ नेता तो झूठ की मशीन की तरह है। जब भी मुंह खोलते हैं, धड़ा-धड़ एके-47 की तरह झूठ ही निकलना शुरू हो जाता है। ऐसे में आपको विपक्ष के झूठ को भी जनता के सामने बेनकाब करना है।” पीएम नरेंद्र मोदी राहुल गांधी के उस बयान पर चुटकी ले रहे थे, जिसमें उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेटे पर पनामा पेपर लीक कांड में शामिल होने का आरोप लगाया था।
कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘बीजेपी के हर कार्यकर्ता के मन में ये जिज्ञासा रहनी चाहिए कि देश के लिए जो अच्छा हो रहा है अच्छी खबरें आ रहीं है उसको जानें और बार-बार उसको दोहराएं। भाजपा का ये सौभाग्य है कि हमारे पास करोड़ों की संख्या में मेहनतकश, समर्पित, निस्वार्थ काम करने वाले कार्यकर्ता हैं जिन्होंने अपने खून पसीने से इस पार्टी को सींचा है।”