ओडिशा में विधानसभा चुनाव दो साल बाद होने हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में चुनावी जीत के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार (15 अप्रैल) से भुवनेश्वर में शुरू हुई। हाल में हुए विधानसभा चुनावों में जीत के साथ ही भाजपा ने ओडिशा के पंचायत चुनाव में भी अच्छी सफलता हासिल की थी। इसके बाद पार्टी ने अपना जोर अब राज्य की सत्ता में आने पर लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले मोदी ने रोड शो किया। राज्य की राजधानी स्थित बीजू पटनायक हवाईअड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री ने हवाईअड्डे से राजभवन तक रोड शो किया। प्रधानमंत्री राजभवन में ही ठहरेंगे। मोदी की एक झलक पाने के लिए भारी तादाद में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने ‘मोदी-मोदी’ तथा ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। कुछ समर्थकों ने प्रधानमंत्री पर फूल बरसाए। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में कई सांस्कृतिक संगठनों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने रोड शो के दौरान समर्थकों का अभिवादन किया। हवाईअड्डे पर उतरने के बाद मोदी ने उड़िया लोगों को भावनात्मक रूप से अपने साथ जोड़ने के लिए ओडिशा के महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित की। मोदी ने कहा, “ओडिशा आना यादगार लम्हा है। गर्मजोशी के साथ उत्साहपूर्ण ढंग से स्वागत करने के लिए लोगों का आभारी हूं।”
भाजपा सूत्रों ने कहा कि मोदी भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में शाम 5.30 बजे से लेकर रात 8.30 बजे तक मौजूद रहेंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के लगभग 300 नेता पहले ही शहर में पहुंच चुके हैं। इससे पहले, शाह ने अन्य राज्यों में पार्टी के आधार का विस्तार करने की रणनीति को लेकर भाजपा के अधिकारियों के साथ एक बैठक की।
मोदी 1817 में राज्य में अंग्रेजों के खिलाफ हुए पाइका विद्रोह में शामिल होने वाले 16 परिवारों के सदस्यों को सम्मानित करेंगे। इसे राज्य में भाजपा के एक बड़े कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है। भुवनेश्वर की सड़कों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के मद्देनजर भाजपा के झंडों-बैनरों से पाट दिया गया है। इनमें मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ राज्य भाजपा के नेता केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान और जुएल ओराम को भी स्थान दिया गया है।
भुवनेश्वर में प्रधानमंत्री @narendramodi को देखने के लिए उमड़ा लोगों का हुजूम। #OdishaWelcomesModi pic.twitter.com/jNb5kyYaal
— BJP LIVE (@BJPLive) April 15, 2017

