PM Narendra Modi Cabinet Ministers List 2019: मोदी सरकार की कैबिनेट में शामिल नेताओं को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगामी विधानसभा चुनावों का पूरा ध्यान रखा गया है। दरअसल महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड जैसे राज्यों में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। यही वजह है कि मोदी सरकार की कैबिनेट में इन राज्यों से नेताओं को भरपूर जगह दी गई है। उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा 7 नेता महाराष्ट्र से मोदी सरकार में शामिल किए गए हैं। इन नेताओं में नितिन गडकरी और संजय धोतरे का नाम शामिल है। दोनों ही नेता महाराष्ट्र के नागपुर और अकोला से चुनकर संसद पहुंचे हैं। ये दोनों संसदीय क्षेत्र महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में हैं।
इन दोनों के अलावा मोदी कैबिनेट में शामिल रावसाहब दानवे पाटिल मराठवाड़ा, प्रकाश जावड़ेकर पश्चिमी महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं। दानवे पाटिल महाराष्ट्र में पार्टी अध्यक्ष हैं और मराठा हैं। संजय धोतरे भी मराठा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। वहीं मुंबई की बात करें तो यहां से पीयूष गोयल और शिवसेना के अरविंद सावंत को कैबिनेट में शामिल किया गया है। एनडीए के सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के नेता रामदास अठावले को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। अठावले का महाराष्ट्र के कई इलाकों में प्रभाव है।
हरियाणा की बात करें तो राज्य में भाजपा ने हालिया लोकसभा चुनावों में सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की। हरियाणा में भाजपा गैर-जाट समुदाय के मतदाताओं को लामबंद करने की कोशिशों में जुटी है। हालिया लोकसभा चुनावों में भी भाजपा को इसका फायदा मिला। हरियाणा से 3 नेता केन्द्रीय मंत्रीमंडल में शामिल किए गए हैं। खास बात ये है कि मंत्रीमंडल में शामिल तीनों ही नेता गैर-जाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। इनमें राव इंद्रजीत सिंह अहीर समुदाय से हैं, कृष्ण पाल, गुर्जर समुदाय से और रतन लाल कटारिया दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
झारखंड में भी जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके चलते झारखंड की खुंटा सीट से चुने गए और पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा को कैबिनेट में जगह दी गई है। अर्जुन मुंडा एक आदिवासी नेता हैं और राज्य में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठबंधन का तोड़ निकालने में काफी अहम साबित हो सकते हैं। यही वजह है कि मोदी सरकार ने अर्जुन मुंडा को कैबिनेट में शामिल करते हुए झारखंड विधानसभा चुनावों का पूरा ध्यान रखा है।