प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार दोपहर चंडीगढ़ पहुंचे। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत प्रकाश सिंह बादल के अंतिम दर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। इसे देखते हुए टेक्निकल एयरपोर्ट के आसपास अलर्ट जारी किया गया है। गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार (25 अप्रैल) को 95 साल की उम्र में निधन हो गया।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सुखबीर बादल को लिखा पत्र
PM मोदी प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि देने के लिए 12.30 बजे अकाली दल के ऑफिस पहुंचेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सुखबीर बादल को भेजे गए एक पत्र में प्रकाश सिंह बादल के देश के लिए किए गए योगदान को याद किया।
शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक को शिरोमणि अकाली दल पार्टी के कार्यालय में लोगों ने श्रद्धांजलि दी। प्रकाश सिंह बादल पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पंजाब के मोहाली के एक निजी अस्पताल में उन्हें कुछ दिन पहले भर्ती कराया गया था।
पीएम मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के निधन को बताया निजी क्षति
मंगलवार को प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। वह भारतीय राजनीति की एक महान हस्ती थे और एक उल्लेखनीय राजनेता थे, जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक परिश्रम किया और कठिन समय में राज्य को सहारा दिया।”
अपने अगले ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, ”प्रकाश सिंह बादल का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मेरी उनके साथ कई दशकों तक निकटता रही और उनसे बहुत कुछ सीखा है। कई बातचीत याद आती हैं जिसमें उनकी बुद्धिमानी हमेशा साफ तौर से दिखाई देती थी। मेरी उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का गुरुवार 27 अप्रैल को दोपहर 1 बजे उनके गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन के बाद अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि प्रकाश सिंह बादल को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में करीब एक सप्ताह पहले सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। बादल ने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली।
2022 में लड़ा था आखिरी चुनाव
प्रकाश सिंह बादल ने साल 2022 में पंजाब विधानसभा के लिए अपना आखिरी चुनाव लड़ा था। प्रकाश सिंह बादल को इस चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पिछले साल हुए चुनाव में प्रकाश सिंह बादल आम आदमी पार्टी के गुरमीत सिंह से करीब 12 हजार वोटों से हार गए थे।
