Chandrayaan-3: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका से वर्चुअली चंद्रयान-3 की लैंडिंग देखी। जैसे ही लैंडर विक्रम चांद की सतह पर लैंड किया। इसरो के चीफ एस सोमनाथ ने कहा कि हम चांद पर पहुंच गए हैं। इतना कहते ही पीएम मोदी अपने हाथ में तिरंगा झंडा लहराने लगे। उनके चेहरे पर खुशी के भाव साफ दिख रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम इतिहास बनते देखते हैं तो जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी ऐतिहासिक घटनाएं को जीवन में चिरंजीव चेतना बन जाती है। यह क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। ये क्षण नए भारत के जयघोष का है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। यह पल अविस्मरणीय है।

‘धरती पर संकल्प लिया, चांद पर साकार किया’

मोदी ने कहा कि यह पल भारत के उद्यमान का है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे साकार किया। आज हम अंतरिक्ष में नई उड़ान के नए साक्षी बने। मोदी ने कहा यह पल 140 करोड़ लोगों के उमंग का है।

मोदी ने कहा कि हम ब्रिक्स समिट पर हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका में हैं, लेकिन मेरा मन चंद्रयान-3 को लेकर था। मोदी ने कहा कि मैं चंद्रयान-3 और इसरो के वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं इस अद्भुत पल के 140 करोड़ देशावसियों को कोटि-कोटि बधाई देता हूं।

‘भारत चंद्रमा को उस ध्रुव पर पहुंचा, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चंद्रमा के उस दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचा है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि अब चांद को लेकर मिथक बदल जाएंगे। कथानक भी बदल जाएंगे और नई पीढ़ी के लिए कहावतें भी बदल जाएंगी। भारत में तो हम सभी लोग धरती को मां कहते हैं और चांद को मामा बुलाते हैं। कभी कहा जाता था कि चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा, जब बच्चे कहा कहेंगे कि चंदा मामा बस एक टूर के हैं।