Parliament Hamla News: 13/12 हमले (Parliament Attack) के ठीक 22 साल बाद संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। संसद के अंदर बुधवार को अचानक दो युवक दर्शक दीर्घा के अंदर कूद गए, जिसके बाद हंगामा मच गया। जिस समय दोनों युवक दर्शक दीर्घा से सांसद की बेंच पर कूद उस समय सदन की कार्यवाही आम दिनों की तरह आम तरह से चल रही थी।
बीजेपी के मालदा से सांसद खागेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे, तभी अचानक एक शख्स दर्शक दीर्घा से कूदकर सांसदों के बीच पहुंच गया। उसे देखते हुए सांसद हरकत में आ गए और उसे पकड़ने का प्रयास करने लगे। हालात को भांपते हुए पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल ने तुरंत ही सदन को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। इन दोनों ही युवकों को पकड़ लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये दोनों युवक अपने जूतों में कुछ छिपाकर लाए थे। जिससे सदन में धुंआ उठा।
संसद की सुरक्षा में हुई इस चूक से पहले दिल्ली पुलिस ने संसद के बाहर से दो प्रदर्शकारियों को गिरफ्तार किया था। इन प्रदर्शनकारियों में एक पुरुष और एक महिला है। पुलिस ने इन्हें ट्रांसपोर्ट भवन के बाहर से गिरफ्तार किया। इन्होंने नारेबाजी के दौरान कलर स्मोक का इस्तेमाल किया। दिल्ली पुलिस सूत्रों ने कहा कि इन दोनों घटनाओं का सत्यापन किया जा रहा है। यह पता किया जा रहा है कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई औऱ ये संसद के अंदर कैसे पहुंचे। अंदर और बाहर प्रदर्शन करने वालों चारों लोगों के बीच क्या कोई लिंक है, इसका पता लगाया जा रहा है।
ओम बिड़ला ने दी यह जानकारी
लोकसभा 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई थी लेकिन थोड़ी देर में ही स्थिति नॉर्मल होते ही सदन की कार्यवाही एकबार फिर से शुरू हो गई। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने सदन को बताया कि दोनों युवकों को दबोच लिया गया है और उनके पास मौजूद मेटिरियल को सीज कर लिया गया है। दो युवकों को संसद भवन के बाहर से भी गिरफ्तार किया गया है।