Parliament Monsoon Session 2023: संसद के मानूसन सत्र में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को बहस की शुरुआत हुई थी। सांसदी बहाल होने के बाद पहली बार संसद पहुंचे राहुल गांधी ने सदन में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए सदस्यता बहाल करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आज दिमाग से नहीं दिल से बोलूंगा। राहुल ने कहा कि आज वो बीजेपी पर ज्यादा आक्रमक नहीं होंगे। मणिपुर मुद्दे पर पीएम मोदी को संसद में बोलने की मांग को लेकर विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के पहले दिन मंगलवार को लोकसभा में जमकर बहसबाजी हुई। विपक्ष जहां मणिपुर मुद्दे पर पीएम मोदी के बयान की मांग कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि रेवंत रेड्डी और केरल के सांसद हिबी आज अविश्वास प्रस्ताव में कांग्रेस की ओर से हिस्सा ले सकते हैं। सदन के लिए रणनीति तैयार करने के लिए INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक आज सुबह 10 बजे संसद में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष के चैंबर में हुई।

Live Updates

संसद के मानसून सत्र से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें जनसत्ता.कॉम।

12:30 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: राहुल बोले मणिपुर उनके लिए हिंदुस्तान नहीं

राहुल गांधी ने कहा कि आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने दो भाग में कर दिया है। पीएम अभी तक मणिपुर नहीं गए, मैं गया। मणिपुर उनके लिए हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर में महिलाओं से बात की। महिलाओं ने मुझे अपना दर्द बताया।

12:29 (IST) 9 Aug 2023
Parliament LIVE: यह देश एक आवाज है- राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि यह देश एक आवाज है, भारत लोगों का दर्द है, उनकी तकलीफ है। इस आवाज को सुनने के लिए हमें अपनी इच्छाओं, अपने निजी सपनों को सुनना पड़ेगा।

12:26 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: भाजपा के मेरे दोस्तों को डरने की जरूरत नहीं- राहुल गांधी

लोकसभा में बोलते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि अध्यक्ष महोदय सबसे पहले मैं आपको मुझे लोकसभा के सांसद के रूप में बहाल करने के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। जब मैंने पिछली बार बात की थी तो शायद मैंने आपको परेशानी दी थी क्योंकि मैंने अडानी पर ध्यान केंद्रित किया था, शायद आपके वरिष्ठ नेता को दुख हुआ। उस दर्द का असर आप पर भी हुआ होगा। इसके लिए मैं आपसे माफी मांगता हूं लेकिन मैंने सच कहा। राहुल ने कहा कि आज भाजपा के मेरे दोस्तों को डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि आज मेरा भाषण अडानी पर केंद्रित नहीं है।

12:24 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा का किया जिक्र

सदन में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पिछले दिनों मैं भारत के एक कोने से दूसरे कोने तक गया। समुद्र तट से लेकर कश्मीर तक चला। लोगों ने मेरे चलने का लक्ष्य पूछा।

12:15 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: आज दिमाग से नहीं दिल से बोलना चाहता हूं- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि आज दिमाग से नहीं दिल से बोलना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मित्रों को घबराने की जरूरत नहीं, आज में आप पर ज्यादा हमला नहीं करूंगा।

12:14 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: राहुल गांधी ने संसद में बोलना शुरू किया

सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दूसरे दिन राहुल गांधी ने संसद में बोलना शुरू किया। उन्होंने सदस्यता बहाल करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बीजेपी सांसदों की ओर इशारा करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है आज वो अडानी पर नहीं बोलेंगे।

12:04 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: स्मृति ईरानी लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बोलेंगी

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बोलेंगी।

11:59 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: शरद पवार पहुंचे संसद

एनसीपी प्रमुख शरद पवार संसद पहुंचे।

11:58 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: भगवान, प्रधानमंत्री को सन्मति दे- आरजेडी सांसद

आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा की पार्टी अगर गांधी जी के पास आ रही है तो इससे बड़ी विसंगति नहीं हो सकती है। सबको सन्मति दे भगवान, प्रधानमंत्री को भी सन्मति दे।

11:56 (IST) 9 Aug 2023
parliament live update: दुर्घटनाग्रस्त स्कूटर सवार से बात करने पहुंचे राहुल गांधी

10 जनपथ से बाहर निकलते वक्त कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पास ही एक दुर्घटनाग्रस्त स्कूटर सवार से बात करने के लिए अपनी कार से उतरे।

11:48 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: सोनिया गांधी पहुंची संसद

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी संसद पहुंचीं।

11:37 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: भारत छोड़ो आंदोलन हमें इस सरकार की याद दिलाता- के.सी. वेणुगोपाल

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा और भारत छोड़ो के बीच क्या संबंध है? उनके लोगों ने आज़ादी की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया था। इसका क्या मतलब है कि वे भारत छोड़ो दिवस पर कुछ कह रहे हैं? यह एक ऐतिहासिक दिन है। हम PM मोदी की मौजूदगी में संसद में बहस की मांग कर रहे हैं। PM संसद में आ ही नहीं रहे हैं। वे मणिपुर के बारे में बात नहीं कर रहे हैं। अब भारत छोड़ो आंदोलन हमें इस सरकार की याद दिलाता है।

11:36 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live Update: संसद परिसर में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि

विपक्षी सांसदों ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन को याद करते हुए संसद परिसर में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।

11:34 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित

राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

11:18 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने बैंकों से बट्टे खाते में डाले गए खराब ऋणों पर चर्चा और सरकार को सार्वजनिक धन की वसूली के लिए उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन के साथ सीमा स्थिति पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला, राजद सांसद मनोज झा, AAP सांसद राघव चड्ढा ने मणिपुर की स्थिति पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया।

AAP सांसद सुशील गुप्ता ने मणिपुर और हरियाणा मुद्दे पर चर्चा के लिए राज्यसभा में सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया। भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों द्वारा संपत्ति और देनदारियों की घोषणा की आवश्यकता पर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया।

11:16 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: आज राहुल तैयारी करके आएंगे और हमारा मनोरंजन करेंगे- सुकांत मजूमदार

पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा कि शायद कल राहुल गांधी को अपने ऊपर विश्वास नहीं था। आज जड़ीबूटी खाकर विश्वास मिला होगा। उनके अध्यापक जो उन्हें पढ़ाते हैं, वो अनुपस्थित हो गए थे। आज वो तैयारी करके आएंगे और हमारा मनोरंजन करेंगे।

11:10 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live Update: कांग्रेस देश में नीतियों को लागू नहीं होने दे रही- निशिकांत दुबे

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि इन 75 सालों में कांग्रेस और उनके समर्थन वाली पार्टियों ने देश को तीन चीजें दीं जो देश को दीमक की तरह खा रही हैं। एक है वंशवाद, दूसरा है भ्रष्टाचार, तीसरा है तुष्टीकरण। अल्पसंख्यकों को गुमराह करके वोट बैंक की राजनीति हो रही है और वे देश में नीतियों को लागू नहीं होने दे रहे।

11:08 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: देश को आगे ले जाना है तो भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, वंशवाद को खत्म करना होगा- जनरल वीके सिंह

राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि 1947 में हम आज़ाद हुए और इसके लिए गांधी जी ने 1942 में क्विट इंडिया मूवमेंट की शुरूआत हुई लेकिन आज़ादी के बाद कई चीज़ें सही नहीं हुई और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, वोट बैंक पॉलिटिक्स और वंशवाद का कलंक लगा। अब समय आ गया है कि देश को आगे ले जाना है तो इन्हें खत्म करना होगा और आज इसका आह्वान किया गया।

11:06 (IST) 9 Aug 2023
Parliament: क्विट इंडिया की तर्ज पर शपथ लेने की ज़रूरत- भाजपा सांसद

भाजपा सांसद एसएस अहलूवालिया ने कहा कि क्विट इंडिया मूवमेंट के 5 वर्ष के बाद देश आज़ाद हुआ और उसके बाद राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बनी लेकिन कुछ ही समय बाद इसमें भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद का घुन लग गया। इसके कारण राष्ट्र में जो सामाजिक न्याय होना चाहिए था वह नहीं हुआ। हमें आज फिर से क्विट इंडिया की तर्ज पर शपथ लेने की ज़रूरत है।

11:05 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: हे घमंडिया, छोड़ो इंडिया- रवि किशन

भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि 65 साल इन लोगों का शासन रहा, उसमें सारे वंशवादी रहे, परिवारवादी रहे। हमें भी भ्रमित करते रहे, लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी आए, 2014 के बाद पता चला कि हज़ारों-लाखों करोड़ रुपए गायब हो जाते थे। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, दलित, वंचित, शोषित आज तरक्की कर रहा है। आज समस्त भाजपा और पूरा भारत कह रहा है- हे घमंडिया, छोड़ो इंडिया।

11:04 (IST) 9 Aug 2023
parliament: अरविंद केजरीवाल का कांग्रेस को पत्र

दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर 'जीएनसीटीडी (संशोधन) विधेयक, 2023' के खिलाफ मतदान करने में उनकी पार्टी के समर्थन के लिए दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की ओर से आभार व्यक्त किया।

10:59 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live Update: भाजपा सांसदों का संसद परिसर में प्रदर्शन

भारत छोड़ो आंदोलन को याद करते हुए भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। सांसदों द्वारा 'भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो' और 'तुष्टीकरण भारत छोड़ो' के नारे लगाए गए।

10:38 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: परिवारवाद अलोकतांत्रिक और गैर-जिम्मेदार- रविशंकर प्रसाद

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि परिवारवाद आदतन अलोकतांत्रिक और गैर-जिम्मेदार होता है। I.N.D.I.A गठबंधन को 'घमंडिया' कहा गया है और वे इसके पूरी तरह हकदार हैं।

10:37 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: मोदी और मोदी सरकार के नुमाइंदे राहुल गांधी से क्यों डरते हैं- अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भाजपा देश के बारे में नहीं सोचते, समाज के बारे में नहीं सोचते, मणिपुर के बारे में नहीं सोचते। सिर्फ राहुल गांधी और उनके परिवार को गाली देना ही उन्हें आता है। मोदी और मोदी की सरकार के सारे नुमाइंदे राहुल गांधी से इतना क्यों डरते हैं।

10:24 (IST) 9 Aug 2023
parliament live update: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के अमित शाह से सवाल

आज लोकसभा में मणिपुर संकट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बोलने की उम्मीद है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई अमित शाह से कुछ सवाल पूछना चाहते हैं। गौरव गोगोई ने कहा कि मुझे पता चला है कि केंद्रीय गृह अमित शाह आज संसद में बोलेंगे और मेरा उनसे सवाल है- जब वह मणिपुर गए थे तो हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश की एक समिति गठित की गई थी। उस समिति ने अब तक क्या काम किया है? कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्होंने एक शांति समिति भी बनाई, उसकी कितनी बैठकें कीं? मणिपुर के गृह विभाग ने असम राइफल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। असम राइफल्स अमित शाह के अधीन है। क्या डबल इंजन सरकार काम कर रही है?

https://twitter.com/PTI_News/status/1689137360699850752

10:19 (IST) 9 Aug 2023
parliament live: राहुल गांधी आज सदन में बोलेंगे

राहुल गांधी आज सदन में बोलेंगे। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि राहुल गांधी आज हमारी तरफ से 12 बजे बोलना शुरू करेंगे।

10:15 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: अविश्वास प्रस्ताव ने पीएम को सदन में आने के लिए मजबूर कर दिया- AAP सांसद

संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान AAP सांसद संदीप पाठक ने कहा कि मणिपुर की स्थिति ने विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए मजबूर किया। इस प्रस्ताव ने पीएम को सदन में आने के लिए मजबूर कर दिया है।

09:41 (IST) 9 Aug 2023
parliament: केंद्रीय कैबिनेट की बैठक

संसद में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू

09:40 (IST) 9 Aug 2023
Parliament Live: यह जनतंत्र का अपमान- कांग्रेस नेता

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि यह जनतंत्र का अपमान किया है। एक व्यक्ति विशेष अपने बेटे को, रिश्तेदार को राजनीति में सेट नहीं कर सकता। ये लोग जनतंत्र में विश्वास नहीं करते इसलिए कल इन्होंने ऐसी ओछी टिप्पणी की।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा ले सकते हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को चर्चा का जवाब दे सकते हैं।

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का दूसरा दिन, पढ़ें पूरी खबर

अविश्वास प्रस्ताव पर आई राहुल गांधी के बोलने की बारी, देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=LOY9ExtdUsw