संसद की दर्शक दीर्घा पर कूदने वाले दोनों युवकों की जानकारी सामने आ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक युवक का नाम सागर शर्मा है जबकि दूसरे आरोपी का नाम मनोरंजन है। मनोरंजन कंप्यूटर का छात्र है। वह मैसूर का निवासी है।
इन दोनों को गिरफ्तार किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस इन्हें पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन लेकर गई है। सुरक्षा में चूक की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सजय अरोड़ा संसद भवन पहुंच गए हैं।
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने संसद भवन के बाहर से दो प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। इनमें एक नीलम नाम की महिला है, जिसकी उम्र 42 साल है। दूसरे प्रदर्शनकारी की पहचान 25 वर्षीय अनमोल शिंदे के रूप में हुई है। इन दोनों को ट्रांसपोर्ट भवन के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
FSL की टीम संसद पहुंची
इस हमले के तुरंत बाद IB के सीनियर अधिकारियों की टीम चूक का पता लगाने के लिए संसद भवन पहुंची। IB के अलावा FSL की एक टीम भी सबूतों को जमा करने के लिए संसद पहुंच गई है। IB की टीम ने सागर शर्मा और मनरंजन से पूछताछ की है। ये दोनों ही संसद में दर्शकों की गैलरी से सांसदों की बेंच पर कूदे थे।
अधिकारियों ने बताया कि हम उनका बैकग्राउंड चेक कर रहा है। सागर शर्मा मैसूर का रहने वाला है और बेंगलुरु की एक यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग कर रहा है। दूसरा शख्स मनोरंजन भी मैसूर का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि IB की टीम लोकल पुलिस के साथ उनके घर पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि दोनों लड़कों के फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनसे पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि वो किसी संगठन से जुड़े हैं या नहीं। उनके पास से बरामद की गई लिखी हुई सामग्री भी जब्त कर ली गई है। इसके अलावा सभी चेक प्वाइंट्स की CCTV चेक की जा रही हैं।
नीलम और अमोल के पास से नहीं मिला कोई फोन
दिल्ली पुलिस की तरफ से बताया गया है कि संसद के बाहर से हिरासत में लिए गए दोनों प्रदर्शनकारी नीलम और अमोल के पास फोन नहीं था। उनके पास न तो कोई बैग था और न ही कोई आइडेंडिटी प्रूफ? उनका कहना है कि वो खुद संसद पहुंचे थे और उनका किसी भी संगठन से कोई लेना देना नहीं है। पुलिस उनसे पूछताछ के लिए स्पेशल टीम बना रही है।