भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तानी प्रयास को विफल करने के दौरान वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन को पाक की हिरासत में ले लिया गया था। अभिनंदन की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस एवं विपक्ष के कई अन्य राजनीतिक दलों ने चिंता प्रकट की और उम्मीद जताई कि वह जल्द सकुशल स्वदेश लौटेंगे। पूरे देश के लोग अभिनंदन के सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी अभिनंदन के वापसी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच पाकिस्तान के एक शख्स ने अभिनंदन के वापसी को लेकर दुआ करते हुए ट्वीट किया है। यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।

पाकिस्तानी शख्स शरोमन ने लिखा, “एक पाकिस्तानी होने के नाते, मुझे इस बात का काफी बुरा लगा रहा है कि ऑफिसर के घरवालों पर क्या गुजर रहा होगा। दीवारों के अलावा हम सब एक ही संस्कृति के हैं। मैं आशा करता हूं कि वे सकुशल अपने घर वापस लौट जाएंगे और इस दौरान उनसे अच्छा व्यवहार किया जाएगा।” इसी के साथ पाकिस्तानी शख्स ने भी युद्ध न करने की अपील की है।

शरोमन ने आगे लिखा, “हमें पूरी स्थिति के दौरान शांतिपूर्ण दृष्टिकोण बनाए रखने के लिए डीजीआईएसपीआर और प्रधानमंत्री द्वारा सलाह दी गई है। वो सभी जो मुझसे पूछ रहे हैं कि क्या मैं युद्ध चाहता हूं? नहीं, लेकिन मेरे परिवार के सदस्य अभी भी तैनात हैं। मैं आशा करता हूं कि किसी परिवार को नुकसान न पहुंचे। एक मानव होने के नाते मैं शांति और अपने जवानों तथा लोगों की सुरक्षा चाहता हूं। हम सभी अपने क्षेत्र में शांति की दुआ करें। पाकिस्तान आर्मी सम्मान के साथ ऑफिसर (अभिनंदन) की देखरेख कर रहे हैं। पाकिस्तानी सेनाओं के संकल्प पर हमें गर्व है। आपने युद्ध के सामने एक उच्च उदाहरण पेश किया है। भारतीय अधिकारियों को अब शांति वार्ता के लिए आगे आना चाहिए।”

पाकिस्तानी नागरिक ने लिखा, “एक पाकिस्तानी होने के नाते मैं भारत के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे आतंकियों को पकड़ने के दौरान हजारो पाकिस्तानी सैनिकों के शहादत को समझें। एक राष्ट्र के रूप में पाकिस्तान आतंकवादियों और युद्ध का समर्थन नहीं करता है। हम शांति चाहते हैं। आतंकी किसी धर्म या क्षेत्र को नहीं मानता है।” एक अन्य सोशल मीडिया यजूर के कमेंट पर जवाब देते हुए शरोमन ने लिखा, “हमारे सैनिकों की भी यही ड्यूटी है। हमारे डीजी ने शांति बनाए रखने को कहा है। हमारे सैनिक भी फ्रंट लाइन पे हैं। उनका भी सोचना चाहिए। अल्लाह सबको महफूज रखें।” इसके साथ ही उन्होनें कई यूजर को भी समझाया कि युद्ध कोई विकल्प नहीं है।