रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। पुतिन ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की है। बता दें कि पहलगाम में आतंकी हमला 22 अप्रैल को हुआ था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ माना जा रहा है। इस बीच पुतिन ने पीएम मोदी से साफ कह दिया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में रूस पूरा समर्थन करता है।

पुतिन ने PM मोदी से फोन पर की बात

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “पुतिन ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए नरसंहार में मारे गए लोगों पर शोक जताया और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया और भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस जघन्य हमले के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।”

दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर पुतिन को शुभकामनाएं दीं और उन्हें इस साल के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।

सिंधु जल समझौता रद्द करने से लेकर व्यापारिक प्रतिबंध तक, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने लिए ये 10 बड़े फैसले

रूस के सामने गिड़गिड़ाया था पाकिस्तान

पुतिन और पीएम मोदी के बीच हुई बातचीत की टाइमिंग काफी अहम है। बता दें कि दो दिन पहले ही पाकिस्तान रूस के सामने गिड़गिड़ाया था लेकिन अब उसका कोई असर नहीं हुआ। मॉस्को में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने रूस से तनाव को कम करने में मदद मांगी थी। लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ और रूस ने आतंक के खिलाफ भारत की लड़ाई को समर्थन दिया।

वहीं एक बयान में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जाहिर की। उन्होंने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है। हालांकि भारत को पूरी दुनिया से समर्थन मिल रहा है।