पिछले 24 घंटों में संघर्षविराम का दूसरी बार उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी रेंजरों ने आज जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के एक गश्ती दल पर गोलीबारी की जिसमें एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य घायल हो गया।

बीएसएफ महानिरीक्षक (जम्मू फ्रंटियर) राकेश शर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा सेक्टर के सुचेतगढ़ अग्रिम क्षेत्र में बीएसएफ के एक गश्ती दल पर पाकिस्तान ने भारी गोलीबारी की।

महानिरीक्षक ने बताया कि भारी गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया। उन्होंने कहा कि जिस समय गोलीबारी हुई, उस समय जवान नियमित गश्त पर थे। शहीद जवान की पहचान कांस्टेबल श्रीराम गाउरिया के रूप में हुई है। गोलीबारी में एक अन्य जवान मामूली रूप से घायल हो गया।

घटनास्थल पर पहुंचे और अभियान की निगरानी कर रहे शर्मा ने बताया कि बीएसएफ ने मोर्चा संभाल लिया और पाकिस्तान की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी जारी है।

पाकिस्तान की ओर से पिछले 24 घंटों में संघर्षविराम का यह दूसरी बार और पिछले एक हफ्ते में छठा उल्लंघन है। कठुआ और सांबा में अन्य क्षेत्रों में भी गोलीबारी हो रही है।

कल पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के पल्लनवाला सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारत की अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की थी जिसमें सिपाही अमरजीत सिंह घायल हो गया था।

पाकिस्तानी सैनिकों ने रविवार को जम्मू के अरनिया क्षेत्र और कठुआ जिले के हीरानगर क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों पर गोलीबारी कर संघर्षविराम का दो बार उल्लंघन किया था।

पच्चीस दिसंबर को पाकिस्तानी रेंजरों ने कठुआ जिले के हीरानगर सब सेक्टर में पंसार सीमा चौकी इलाके के अग्रिम क्षेत्रों में छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी। पाकिस्तान ने 24 दिसंबर को इन्हीं क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए मोर्टार दागे थे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी।

इस साल पाकिस्तान ने संर्घर्षविराम का 550 से अधिक बार उल्लंघन किया, जो 2003 में संघर्षविराम होने के बाद से सर्वाधिक है। अगस्त-अक्तूबर अवधि में भारत और पाकिस्तान के बीच भीषण गोलीबारी हुई थी जिसमें 13 लोग मारे गए थे और हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था।