नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर जारी विवाद के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। बीजेपी नेता रहे सिन्हा ने कहा है कि देश में खतरनाक टुकड़े-टुकड़े गैंग के दो ही लोग हैं दुर्योधन और दु:शासन और ये दोनों ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में हैं। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के ‘टुकड़े-टुकड़े’ वाले बयान पर सिन्हा ने यह बात कही। उन्होंने ट्वीट किया ‘देश में खतरनाक टुकड़े-टुकड़े गैंग के दो ही लोग हैं दुर्योधन और दु:शासन और ये दोनों ही बीजेपी में हैं। इनसे बचकर रहने की जरूरत है।’

मालूम हो कि महाभारत में दुर्योधन और दु:शासन दो ऐसे पात्र थे जिन्हें कुरुक्षेत्र की लड़ाई के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है। यह पहला मौका नहीं जब पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बीजेपी पर  हमला बोला हो। इससे पहले भी वह कई मौकों पर मोदी-शाह को कोसते नजर आए हैं। हाल में शाह ने कांग्रेस पर नागरिकता कानून के खिलाफ अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग का नेतृत्व करने वाली कांग्रेस को दंड देना का समय आ गया है। वह राज्य में हिंसा फैलाने के लिए जिम्मेदार है।’

अमित शाह ने कहा कि ‘संशोधित नागरिकता कानून पर संसद के अंदर चर्चा हुई, कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था। इधर उधर की बातें करते थे और बाहर निकलते ही इसमें भ्रम फैलाना शुरू किया और दिल्ली को अशांत किया।’

शाह ने यह बयान ऐसे समय पर दिया जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी इस मुद्दे पर दिल्ली की जनता को विपक्षी दलों के सीएए के खिलाफ नकारात्मक रवैये को सामने रख रही है। बता दें कि बीजेपी ‘टुकड़े-टुकड़े’ शब्द का इस्तेमाल विपक्षी दलों और उन्हें सपोर्ट करने वाले लोगों के लिए इस्तेमाल करती है।