पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटी भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। जम्मू कश्मीर के रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार को बिना उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस घटना में सेना का एक जूनियर कमीशन अधिकारी शहीद हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार को पूर्वान्ह्र लगभग साढ़े 11 बजे हाजीपीर क्षेत्र में बिना उकसावे के गोलीबारी की।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान ने कुछ गोले भी दागे जो नागरिक क्षेत्रों में गिरे जिससे दो नागरिक घायल हो गये। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के जवानों ने संघर्ष विराम उल्लंघन का कड़ा जवाब दिया। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने रामपुर सेक्टर के निकट भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसमें सेना का एक जूनियर कमीशन अधिकारी शहीद हो गया।

इसके अलावा पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अग्रिम क्षेत्रों में मंगलवार रातभर गोलाबारी की मोर्टार दागे। इसके विरोध में बुधवार को इन क्षेत्रों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार रात पाकिस्तान की ओर से हीरानगर सेक्टर के चंदवा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे क्षेत्रों में गोलीबारी और गोले दागे गए। उन्होंने बताया कि सीमा की सुरक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों ओर से रातभर गोलाबारी होती रही।

[bc_video video_id=”6117972977001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

इस बीच हीरानगर के चन्नतंदा क्षेत्र के लोगों ने कठुआ के गावों के नागरिकों पर गोलाबारी के विरोध में बुधवार को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इन लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी रेंजर्स पिछले दो महीनों से विशेष तौर पर मनयारी, पंसार और राठवा गांवों को गोलाबारी करके निशाना बना रहे हैं जिससे मकानों एवं अन्य ढांचों को क्षति पहुंची है।